1. खबर-संसार
  2. »
  3. आईटी
  4. »
  5. आईटी खबर

आकाश 2 से चलेगा नन्हा रोबोट

आकाश 2 टैबलेट
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई ने देश में पहली बार एक ऐसा नन्हा रोबोट तैयार किया है जिसे विश्व के सबसे सस्ते छात्रपयोगी टैबलेट आकाश दो से भी चलाया जा सकता है।

PIB
आईआईटी मुंबई के आकाश दो प्रोजेक्ट से जुड़े एवं मानव संसाधन विकास मंत्रालय की सूचना प्रौद्योगिकी शिक्षा परियोजना के पदाधिकारी प्रदीप वर्मा ने बुधवार को यहां आकाश दो के बारे में आयोजित कार्यशाला में पत्रकारों को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह रोबोट मुख्यरूप से इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए बनाया गया है जिसकी कीमत करीब पांच हजार रुपए रखी गई है। इस रोबोट को आकाश दो के जरिए चलाया जा सकता है। इसकी खूबी यह है कि अगर यह रोबोट आईआईटी मुंबई में है तो उसे दिल्ली में बैठकर भी इंटरनेट के जरिए संचालित किया जा सकता है।

यह रोबोट छात्रों को सॉफ्टवेयर तथा हार्डवेयर बनाना भी बताता है और मौसम का तापमान तथा आपके शरीर का पल्सरेट भी बता सकता है और इसके अलावा कुछ अन्य काम भी कर सकता है। उन्होंने बताया कि आकाश दो के जरिए देश का कोई छात्र कहीं से भी आईआईटी मुंबई का वीडियो लेक्चर सुन सकता है और वहीं से शिक्षकों से सवाल भी पूछ सकता है तथा उसका जवाब भी सुन सकता है।

उन्होंने बताया कि आकाश दो टैबलेट में करीब पांच हजार पुस्तकें भी डाउनलोड की गई हैं और यह टैबलेट 18 भारतीय भाषाओं के छात्रों के लिए उपयोगी साबित होगा। इससे केंद्रो और खासी भाषा के छात्र भी लाभान्वित होंगे। इस टैबलेट में फोन की व्यवस्था नहीं है पर माइक्रोसॉफ्ट भी डाउनलोड किया जा सकता है और प्रिंट आउट भी निकाला जा सकता है तथा अलग से की-बोर्ड एवं माउस भी जोड़ा जा सकता है। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता