Last Updated : Friday, 13 January 2017 (23:17 IST)
रिलायंस जियो नेटवर्क क्षमता विस्तार के लिए करेगी 30 हजार करोड़ रुपए का निवेश
नई दिल्ली। नई दूरसंचार सेवाप्रदाता रिलायंस जियो इन्फोकॉम अपनी पहुंच के विस्तार तथा नेटवर्क क्षमता बढ़ाने के लिए 30,000 करोड़ रुपए का निवेश करने की तैयारी कर रही है। इससे नेटवर्क में उसका कुल निवेश बढ़कर 1.9 लाख करोड़ रुपए हो जाएगा।
रिलायंस जियो ने अपने मौजूदा शेयरधारकों के लिए जारी राइट इश्यू नोटिस में कहा कि रिलायंस की सेवाओं के प्रति ग्राहकों ने जोरदार उत्साह दिखाया है। इसके अलावा डिजिटल सेवाओं में जोरदार वृद्धि दर्ज होने की उम्मीद है। ऐसे में कंपनी अपने नेटवर्क के विस्तार पर अतिरिक्त निवेश का प्रस्ताव कर रही है। कंपनी ने कहा कि यह निवेश मुख्य रूप से इक्विटी पेशकश के जरिए किया जाएगा। वाणिज्यिक रूप से परिचालन शुरू करने के चार महीने यानी 31 दिसंबर तक ही कंपनी ने 7.24 करोड़ ग्राहक बना लिए हैं। (भाषा)