1. खबर-संसार
  2. आईटी
  3. आईटी खबर

2010 - ट्वि‍टर पर चहका वि‍श्व

आईटी
DW
संचार क्रांति ने दुनिया को एक ऐसे समाज में बदल दिया है, जहाँ सब बराबर हैं। यहाँ बिना विशेषण के हर आदमी सिर्फ अपने नाम से जाना जाता है। बराक ओबामा हो, अमिताभ बच्चन या फिर कोई सामान्य व्यक्ति, हर किसी को अपनी बात कहने और दूसरों की बात पर अपनी राय देने का पूरा हक है।

वॉशिंगटन में 19 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पहली बार सोशल नेटवर्किंग साइट ‘ट्विटर’ पर अपना हाथ चलाया और हैती की सहायता में लगे लाखों राहतकर्मियों के दल में शामिल हो गए।

हैती में आई त्रासदी के आपदा प्रबंधन में लगे अमेरिकी रेडक्रॉस के मुख्यालय में राहत और बचाव कार्य में लगे लोगों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे ओबामा ने पहली बार ट्वीट किया। इसी साल रूस के राष्ट्रपति दमित्रि मेदवेदेव भी ट्विटर से जुड़ गए।

इस सोशल नेटवर्किंग साइट की लोकप्रियता का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस साल एक अगस्त को इसके ट्वीट्स की संख्या 20 अरब से अधिक हो गई।

ब्रिटेन के अदालत कक्षों में कैमरा और रिकार्डर के प्रयोग पर भले ही पाबंदी लगी हो लेकिन इस देश के मुख्य न्यायाधीश ने 20 दिसंबर को व्यवस्था देते हुये कहा कि अदालत में माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ‘ट्विटर’ का प्रयोग करने पर कोई पाबंदी नहीं है। बहरहाल, ‘गार्जियन’ की खबर के मुताबिक, यह व्यवस्था केवल इंग्लैंड और वेल्स की अदालतों में लागू होगी।

15 दिसंबर को ट्विटर ने इस साल के अपने 10 सर्वाधिक प्रभावशाली ट्वीट की घोषणा की। इस वेबसाइट पर भारत की कई जानी मानी हस्तियां सक्रिय हैं लेकिन प्रभावशाली ट्वीट की सूची में उनका एक भी ट्वीट नहीं है।

सूची में सबसे पहले नंबर पर पत्रकार एन करी का ट्वीट है जिन्होंने ट्विटर का इस्तेमाल कर विनाशकारी भूंकप से तबाह हुए हैती में लोगों के इलाज के लिये डॉक्टर विदाउट बॉर्डर्स के विमान को उतरने में मदद की।

इस सूची में दूसरे नंबर पर आता है रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवदेव के ट्विटर से जुड़ने पर अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस द्वारा उन्हें किया गया पहला ट्वीट। इस ट्वीट में व्हाइट हाउस ने उन्हें बधाई दी थी। एक ट्रायथिलोन खिलाड़ी लेइझ फाजिनल की अपनी जान बचाने के लिये ट्विटर पर लगाई गई मदद की गुहार को तीसरा स्थान मिला है।

मैक्सिको की खाड़ी में ब्रिटेन की तेल कंपनी बीपी के कुयें से तेल के भीषण रिसाव के समय कंपनी के एक नकली अकांउट से पोस्ट किये गये संदेश को चौथे पायदान पर रखा गया है।

इस सूची में पाँचवाँ स्थान इक्वाडोर की सरकार द्वारा देश में अशांति को देखते हए ट्विटर का इस्तेमाल कर आपातकाल की घोषणा को मिला है। इक्वाडोर के राष्ट्रपति राफेल कोरिया ने सैन्य विद्रोह के भय से ट्वीट के जरिये आपात काल की घोषणा की थी।

ब्रिटेन के शाही परिवार द्वारा वेल्स के राजकुमार विलियम और केट मिडलटन के साथ सगाई की घोषणा को इस सूची में छठा स्थान मिला है।

अमेरिका की चर्चित टेकनॉलाजी कंपनी सन माइक्रो सिस्टम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीईओ जोनाथन स्चेवार्टज के ट्विटर पर इस्तीफे की घोषणा सातवें स्थान पर है। आठवें स्थान पर, अमेरिका में वर्ष 2010 में हुए मध्यावधि चुनाव के दौरान एक प्रत्याशी की ट्विटर पर हुई जीत की घोषणा है।

फीफा फुटबाल विश्वकप के दौरान विजेता देश स्पेन के डिफेंडर कार्ल पुयोल के विजय जश्न संबंधी चित्र को नौवां स्थान मिला है।
टुनाइट शो के स्टार कोनन ओ ब्रायन की ट्विटर पर की गई उस घोषणा को 10 वाँ स्थान मिला है जिसमें उन्होंने अपने दो महीने तक चलने वाले कामेडी टूर की जानकारी अपने प्रसंशकों को दी थी।

जनवरी में ब्रिटेन के एक नागरिक को मजाक में ट्विटर पर हवाईअड्डे को उड़ाने संबंधी संदेश डालना महंगा पड़ गया। आतंकवाद निरोधी पुलिस ने न केवल उसे गिरफ्तार कर लिया, बल्कि उसे अपनी नौकरी से भी हाथ धोना पड़ गया।

उत्तरी इंग्लैंड के डोनकास्टर के रॉबिन हुड हवाईअड्डे के भारी बर्फ के कारण बंद होने के कारण पॉल चैंबर्स नाम के इस नागरिक की आयरलैंड यात्रा की योजना खतरे में पड़ रही थी, जिसके चलते उसने अपना गुस्सा ट्विटर पर व्यक्त किया।

दि इंडिपेंडेंट के मुताबिक, चैंबर्स ने लिखा ‘रॉबिन हुड हवाईअड्डा बंद हो गया है। तुम्हारे पास एक सप्ताह का समय है, नहीं तो मैं हवाईअड्डे को उड़ा दूंगा।’ संदेश डालने के एक सप्ताह के भीतर उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ हुई, उसे काम से बख्रास्त कर दिया गया और उसके आजीवन हवाईअड्डे पर जाने पर भी प्रतिबंध भी लगा दिया गया।

अगस्त में एक स्वतंत्र ब्रिटिश लेखक ने ट्विटर की मदद से मुफ्त में विश्व यात्रा कर ली। खर्च से चिंतित 34 वर्षीय पॉल स्मिथ को मुफ्त वैश्विक यात्रा का विचार ट्विटर पर आया। अपनी सैलानी आकांक्षा पूरा करने का विचार उन्होंने ट्विटर साथियों की सदभावना पर छोड़ दिया ।

पहले इसमें लोगों ने कम रुचि दिखाई। लेकिन फिर इंतजाम होता गया। एक ट्विटर साथी लियेन ने पॉल को न्यूकैसल से एमस्टरडम मुफ्त यात्रा के टिकट दिये। यहां से फ्रांस और जर्मनी में भी यात्रा और रहने खाने का प्रबंध ट्विटर साथियों ने किया। इस तरह आगे का प्रबंध होता गया और पॉल ने दुनिया का चक्कर लगा लिया।

भारत की बात करें तो ट्वि‍टर ने कइयों की पोल खोल दी या यूँ कहें कि‍ सोशल नेटवर्किंग में हाथ आजमाने के चक्‍कर में उन्‍होंने अपनी ही गत बना डाली। पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी और पूर्व विदेश राज्यमंत्री शशि‍ थरूर के बीच आईपीएल की कोच्‍ची टीम के मालि‍काना हक का वि‍वाद ट्वि‍टर से ही शुरू हुआ और जैसे-जैसे बातें ट्वि‍टर पर सामने आई वैसे-वैसे एक बड़े घोटाले का खुलासा हुआ।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें