मोबाइल और कंप्यूटर कर रहे हैं बीमार!
तकलीफ बनती जा रही है यह तकनीक
ND
मोबाइल, कंप्यूटर और इंटरनेट आज के युवाओं की जिंदगी का अहम हिस्सा हो गए हैं। आधुनिक तकनीक के बिना अपनी जिंदगी की कल्पना करना भी युवाओं के लिए मुश्किल है। लेकिन उन्हें नहीं पता कि यह तकनीक उनके लिए तकलीफ बनती जा रही है।
डॉक्टर्स की मानें तो युवाओं में बड़ी तेजी से बीमारियां बढ़ रही हैं। युवाओं को पता भी नहीं चलता और वे बीमारी की गिरफ्त में आ जाते हैं। इंटरनेट सर्फिंग, मैसेज भले ही आपका प्रिय शगल हों, लेकिन ये आपकी आंखों के साथ-साथ उंगलियों और कलाइयों को बेकार बना रहा है।
अगर आप लगातार मोबाइल या कंप्यूटर के की-बोर्ड पर अपनी उंगलियां दौड़ाते रहते हैं तो आप जाने-अनजाने कार्पल टनल सिंड्रोम नामक बीमारी से घिर रहे हैं। मोबाइल के की-पैड के अत्याधिक इस्तेमाल गंभीर स्नायु बीमारी कार्पल टनल सिंड्रोम का सबब बन रही है।
डॉक्टर एसआर अग्रवाल के अनुसार मोबाइल पर गेम खेलते वक्त या एसएमएस करते समय लोग अंगूठे का इस्तेमाल ज्यादा करते हैं। अंगूठे पर बार-बार दबाव पड़ने से नसों में खिंचाव होता है और ये खिंचाव ही कार्पल टनल सिंड्रोम का कारक बनता है। कानों में लगातार लीड या इयरफोन लगाने से भी बहरेपन या कम सुनाई देने की संभावना बहुत बढ़ जाती है। लगातार कानों में इयरफोन न लगाएं।
लंदन यूनिवर्सिटी की रिसर्च के मुताबिक जो लोग कंप्यूटर पर 4 घंटे या उससे ज्यादा समय बिताते हैं, उन्हें अन्य लोगों के मुकाबले 125 फीसदी ज्यादा दिल की बीमारी होने की संभावना होती है। कंप्यूटर स्क्रीन पर अधिक समय बिताने वालों में मौत का खतरा अन्य लोगों के मुकाबले 45 प्रतिशत ज्यादा होता है।
ND
एक निजी कंपनी में काम करने वाले राहुल को बात-बात पर गुस्सा आ जाता है। टेंशन भी बहुत जल्द हो जाता है। उसने डॉक्टर को दिखाया तो पता चला कि ये सब मोबाइल पर घंटों बात करने की वजह से है।
एक दिन नीरज को अचानक यूं ही दिल में दर्द हुआ तो उसने सोचा ऐसे ही हुआ होगा। एक दिन फिर हुआ तो डॉक्टर को दिखाया तो डॉक्टर ने कहा कि हार्टअटैक की संभावना बहुत ज्यादा है। नीरज की उम्र महज 25 वर्ष है। इसकी वजह लंबे समय तक कंप्यूटर पर काम करना है।
कंप्यूटर व मोबाइल की-पैड से होने वाली बीमारियों के ये हैं शुरुआती लक्षण :
- हाथ को कंधे तक उठाने में दर्द हो।
- अंगूठे, तर्जनी या मध्यमा में संवेदना की कमी हो।
- बात-बात पर गुस्सा आए।
- आंखों में जलन या दर्द हो।
- सिर भारी रहे या नींद न आए।
- स्पष्ट सुनाई न दें..., तो हो सकती है दिल की बीमारी।

