• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. आईटी
  4. »
  5. लर्निंग जोन
Written By ND

कुत्ते-बिल्ली भी कर रहे हैं ट्वीट !

आईटी
- शैलेन्द्र सिंह

ND
इन दिनों ट्विटर का जादू इंसानों के सिर पर तो चढ़कर बोल ही रहा है लेकिन अब जानवर भी इसके जादू का शिकार हो रहे हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि जानवरों और ट्विटर का आपस में क्या लेना-देना है? लेकिन यह सच कि ट्विटर पर जानवरों की एक अलग ही कम्युनिटी तैयार हो गई है जो आपस में ट्वीट्स करती है।

है न अचम्भे वाली बात? इंग्लैंड के पश्चिमी मिडलैंड पुलिस का खास सहयोगी स्मिथ, जो कि लैब्राडोर नस्ल का खास कुत्ता है, ट्विटर पर अपनी ही जाति के तमाम कुत्तों से ट्वीट्स के जारिए संपर्क करता है।

पूरी तरह से ट्रेंड स्मिथ ट्विटर पर अपने खाने-पीने की जानकारियाँ अपने दोस्तों से शेयर करता है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि स्मिथ के 316 फॉलोवर हैं, जो लगभग हर दिन उसके साथ अपने अनुभव बाँटते हैं।

स्मिथ की तरह ही सौकिंगटन नाम की काली-सफेद बिल्ली भी ट्विटर पर है। इस बिल्ली ने तो अपने फॉलोवर की संख्या में स्मिथ को बहुत पीछे छोड़ दिया है। सौकिंगटन के 1050000 फॉलोवर हैं जितने आमतौर पर इंसानों के भी नहीं होते हैं।

जानवरों की ट्विटर पर बढ़ती कम्युनिटी को क्या कहें? यह तो हम और आप अच्छी तरह समझते हैं कि जानवर कम्प्यूटर नहीं चला सकते। उन्हें इंटरनेट की कोई समझ भी नहीं हो सकती तो भला ट्विटर के बारे में उन्हें क्या मालूम।

कुछ जानवर सामान्य जानवरों की तुलना में अलग प्रतिभाओं के मालिक बन जाते हैं लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि वे इंसानों की तरह ही इंटरनेट को समझने लगें और उस पर चैट करने लगें।

पिछले डेढ़ सालों में ट्वीटर ने पूरी दुनिया में जिस तरह धूम मचाई है, उससे इंसान तो इंसान जानवर भी प्रभावित हुए हैं। यहाँ आपको यह बताना जरूरी है कि ट्विटर पर लॉगिन हो चुके किस्म-किस्म के जानवर खुद ट्वीट्स नहीं करते बल्कि इनके मालिक इनके एवज में ट्विटर का इस्तेमाल करते हैं।

लेकिन जिस तरह जानवरों की दिमागी क्षमता के बारे में वैज्ञानिक घोषणाएँ कर रहे हैं, उससे इतना तो तय हो जाता है कि आने वाले समय में अगर आपके ट्विटर अकाउंट में किसी कुत्ते या बिल्ली की फ्रेंड रिक्वेस्ट आए तो उसे देखकर हैरान मत होइएगा।