1. खेल-संसार
  2. »
  3. आईप‍ीएल लीग
  4. »
  5. समाचार

आईपीएल में शोएब की राह मुश्किल

इंडियन प्रीमियर लीग शोएब अख्तर
शोएब अख्तर को भले ही इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने की अनुमति मिल गई है लेकिन पूर्व खिलाड़ियों का मानना है कि कई महीने क्रिकेट से दूर रहे इस तेज गेंदबाज को मैच फिटनेस के अभाव में अब इस ट्वेंटी-20 लीग में काफी मुश्किलात पेश आएँगी।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक अपीली पंचाट ने शोएब पर लगाया गया पाँच साल का प्रतिबंध एक महीने के लिए रोक दिया।

पिछले साल दिसंबर से अब तक शोएब ने सिर्फ एक प्रतिस्पर्धी मैच खेला और 18 ओवर ही फेंके हैं। उन्‍होने इस साल 13 फरवरी से कोई मैच नहीं खेला है। तब उसने पेंटागुलर कप टूर्नामेंट में पंजाब के खिलाफ फेडरल टीम की अगुआई की थी और एक भी विकेट नहीं ले सके थे।

पाकिस्तान के लिए आखिरी मैच उन्होंने पिछले साल दिसंबर में बंगलुरू में भारत के खिलाफ तीसरा टेस्ट खेला था। उनके फिटनेस रिकॉर्ड और हालात को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आठ मई को जब वह मैदान पर उतरेंगे तो उनके लिए यह किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा।

पूर्व तेज गेंदबाज सरफराज नवाज ने कहा कि मैं खुश हूँ कि उसे आईपीएल में खेलने की अनुमति मिल गई है। लेकिन पूर्व टेस्ट तेज गेंदबाज होने के नाते मैं जानता हूँ कि लय और मैच फॉर्म हासिल करना आसान नहीं है। पूर्व टेस्ट स्पिनर तौसीफ अहमद ने कहा कि अपनी रफ्तार पर पूरी तरह निर्भर शोएब के लिए लय और मैच फिटनेस हासिल करना बहुत जरूरी है।

उन्होंने कहा कि उनकी क्षमता और अनुभव पर किसी को शक नहीं है। उम्मीद है कि उन्‍होंने आईपीएल में खेलने के लिए पर्याप्त नेट अभ्यास किया होगा क्योंकि विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण वहाँ प्रतिस्पर्धा काफी तगड़ी है।

उन्हें इस बात में कोई शक नहीं कि शोएब की मौजूदगी से कोलकाता टीम का मनोबल बढे़गा। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज और कप्तान जहीर अब्बास ने कहा कि वह शोएब के लिए खुश हैं क्योंकि पाँच साल का प्रतिबंध वैसे भी काफी कड़ी सजा है।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें