1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Trump on USA growth rate

ट्रंप बोले, पांच प्रतिशत तक पहुंच सकती है अमेरिका की आर्थिक वृद्धि दर

Donald Trump
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अर्थव्यवस्था में सुधार और नए कारखानों से रोजगार सृजन के बल पर देश की आर्थिक वृद्धि दर बढ़कर पांच प्रतिशत के स्तर को छू सकती है। वर्तमान में अमेरिका की वृद्धि दर 3.2 प्रतिशत है। 
 
ट्रंप ने अनुमान जताया कि उनके दूसरे कार्यकाल में अमेरिका की आर्थिक वृद्धि दर पांच प्रतिशत के स्तर को पार सकती है। ट्ंरप का पहला चार वर्षीय कार्यकाल जनवरी 2021 में पूरा हो रहा। 
 
ट्रंप ने कहा, 'हम इससे भी आगे जा रहे हैं, लेकिन यह दूसरे कार्यकाल में हो सकता है।' ट्रंप को दूसरे कार्यकाल सुरक्षित करने के लिए नवबंर 2020 का राष्ट्रपति चुनाव जीतना होगा।
 
ट्रंप ने फॉक्सकॉन के कारखाने की आधारशिला रखने के बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, 'अगर आप ये सोचते हैं कि हमने पिछले डेढ़ वर्ष में इतनी प्रगति की है, जिसने हमें इस स्थिति में पहुंचा दिया है कि हम आगे बढ़ रहे हैं। किसी ने कभी ऐसा कुछ नहीं देखा। आप जीडीपी के आंकड़े देखिए। हमने बहुत निचले स्तर से शुरू किया था और आज 3.2 प्रतिशत पर पहुंच गए हैं।' 
 
उन्होंने कहा, 'लेकिन मुझे लगता है कि यह इससे भी और ऊपर जाएगा। हम 3.2 प्रतिशत के स्तर पर छू चुके हैं और मुझे लगता है कि अब हम चार प्रतिशत का स्तर देखने जा रहे हैं या फिर पांच प्रतिशत का स्तर देखने जा रहे हैं।' (भाषा) 
अगला लेख
अटलजी को देखने तीसरी बार एम्स गए मोदी