Mon, 20 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Storm Doksuri, Vietnam, Rain

तूफान डोकसुरी से वियतनाम में तेज हवाएं और भारी बारिश

Storm Doksuri
हा तिन्ह (वियतनाम)। भीषण तूफान डोकसुरी शुक्रवार को वियतनाम के मध्यक्षेत्र में पहुंच गया जिसके प्रभाव से तेज हवाएं चलने लगीं और मूसलधार बारिश होने लगी। 
 
देश में कई वर्षों के दौरान सबसे भीषण तूफान के कारण बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई और मकानों की छतें उड़ गई हैं। तटीय क्षेत्रों से लगभग 80,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि डोकसुरी के प्रभाव से 130 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। 
 
सरकारी संवाद समिति ने बताया कि प्राचीन शहर ह्यू में 260 मकानों की छतें उड़ गई हैं। हा तिन्ह और क्वांग बिन्ह प्रांतों में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई, पेड़ उखड़ गए हैं और दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित हो गई हैं। 
 
सरकारी रेडियो ने बताया कि मछली पकड़ने वाली 4 नौकाएं डूब गई हैं। हा तिन्ह प्रांत की सड़कों पर पानी भर गया है। राजधानी हनोई से हो ची मिन्ह शहर के बीच कम से कम 46 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। 
 
तूफान के कारण शुक्रवार को किसी की मौत की सूचना नहीं है। गुरुवार को एक व्यक्ति के बाढ़ में डूबकर मरने की रिपोर्ट मिली थी। अगस्त में उत्तरी वियतनाम में बाढ़ के कारण कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों मकान बह गए थे। पिछले वर्ष चक्रवाती तूफान की चपेट में आकर 200 से अधिक लोग मारे गए थे। (वार्ता)