बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Shooting in UK city kills 6
Written By
Last Modified: शनिवार, 14 अगस्त 2021 (00:15 IST)

ब्रिटेन के प्लाईमाउथ शहर में गोलीबारी, 6 लोगों की मौत

ब्रिटेन के प्लाईमाउथ शहर में गोलीबारी, 6 लोगों की मौत - Shooting in UK city kills 6
लंदन। दक्षिण पश्चिम इंग्लैंड की पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि प्लाईमाउथ शहर में हुई गोलीबारी की गंभीर घटना में संदिग्ध हमलावर समेत 6 लोगों की मौत हुई है। गोलीबारी के शिकार पांच मृतकों में 3 साल की बच्ची भी शामिल है।

डेवोन और कॉर्नवॉल पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय जैक डेविसन ने सबसे पहले शहर के कीहेम इलाके में बिड्डिक ड्राइव पर 51 वर्षीय महिला को बृहस्पतिवार शाम को गोली मारी। इसके बाद उसने उसी सड़क पर एक लड़की और उसके 43 वर्षीय पुरुष रिश्तेदार को गोली मारी। इसके बाद उसने 59 वर्षीय एक पुरुष और 66 वर्षीय महिला को गोली मारी जिनकी बाद में डेर्रिफोर्ड अस्पताल में मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी होने के कुछ मिनट बाद ही डेविसन को मार गिराया गया। इस घटना में दो अन्य लोग (53 वर्षीय महिला और 33 वर्षीय पुरुष जो एक दूसरे को जानते थे) घायल हो गए और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हालांकि उनकी स्थिति गंभीर नहीं है।

पुलिस ने बयान में बताया, घटना की जानकारी मिलने पर जब पुलिस पहुंची तो वहां पर दो पुरुष और दो महिलाओं के शव पड़े थे। एक अन्य मृत पुरुष मिला जिसे माना जा रहा है कि हमलावर है। सभी की मौत गोली लगने से हुई। अन्य महिला का घटना स्थल पर ही इलाज किया गया जिसे गोली लगी थी, लेकिन बाद में अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई।

डेवोन और कॉर्नवॉल पुलिस ने जोर देकर कहा कि यह आतंकवादी घटना नहीं है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। हालांकि पुलिस मामले में किसी की तलाश नहीं कर रही है। पुलिस ने इसे दशक की सबसे वीभत्स गोलीबारी करार दिया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास घटना का वीडियो है तो वह पुलिस से साझा करे, लेकिन मृतकों का सम्मान करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करें। डेवोन और कॉर्नवाल पुलिस के मुख्य कांस्टेबल शॉन शॉयेर ने कहा कि माना जा रहा है कि संदिग्ध स्थानीय निवासी था और सड़क पर मौजूद लोगों को जानता था।

उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि यह घटना घरेलू कलह का नतीजा है जो सड़क आ गया और कई लोगों ने जिसे देखा। इस अप्रत्याशित दर्दनाक परिस्थितियों में उनकी जान गई। शॉयेर ने कहा कि पीड़ितों की पहचान बाद में जाहिर की जाएगी। पुलिस ने पुष्टि की है कि घटना में सभी की मौत गोली लगने से हुई है।

पुलिस ने बताया कि डेविसन ने वर्ष 2020 में हथियार का लाइसेंस प्राप्त किया था और अब तक घटना की वजह का पता नहीं चला है। चश्मदीदों ने उसके पास पंप एक्शन शॉटगन होने की बात कही थी जो घटनास्थल से बरामद कर ली गई है।

पुलिस ने बताया कि अधिकारियों द्वारा पकड़ने से पहले ही संदिग्ध ने खुद को गोली मार ली। घटना से कुछ सप्ताह पहले ही आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट वीडियो किया गया था जिसमें वह खुद को मरा और जिंदगी से हारा हुआ बताता है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने ट्वीट किया, मेरी संवेदनाएं प्लाईमाउथ में कल रात की भयावह घटना में मारे गए लोगों के परिजनों और मित्रों के साथ हैं।

ब्रिटेन की गृहमंत्री प्रीति पटेल ने ट्वीट किया, प्लाईमाउथ की घटना स्तब्ध करने वाली है और मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं। मैंने प्रमुख कांस्टेबल से बात की और अपनी ओर से पूरा सहयोग जताया। मेरा सभी से अनुरोध है कि शांत रहें, पुलिस की सलाह मानें और आपात सेवाओं को अपना काम करने दें।

प्लाईमाउथ से सांसद ल्यूक पोलार्ड ने ट्वीट किया, पुलिस ने प्लाईमाउथ के कीहेम में गोलीबारी में छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह बहुत भयावह है। हवाई एंबुलेंस और वरिष्ठ चिकित्सकों समेत आपातकालीन सेवाओं के कर्मी स्थानीय समयानुसार छह बजकर 10 मिनट पर हुई घटना के बाद मौके पर पहुंचे।(भाषा) 
ये भी पढ़ें
हथियारबंद संदिग्ध दिखा, वॉशिंगटन का सैन्य अड्‍डा किया बंद