1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Saudi Arabia defense absher app

सऊदी अरब ने किया विवादित अबशेर ऐप का बचाव, कहा महिलाओं और बुजुर्गों की करता है मदद

Saudi Arabia
रियाद। सऊदी अरब ने उस मोबाइल एप का बचाव किया है जिसमें देश के पुरुषों को अपनी महिला रिश्तेदारों पर नजर रखने की इजाजत दी गई है। नागरिक अधिकार संगठनों एवं एक अमेरिकी सांसद ने यह एप बनाने पर दिग्गज आईटी कंपनियों की आलोचना की थी।
 
सऊदी अरब के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने कहा कि 'अबशेर' एप महिलाओं, बुजुर्गों और विशेष जरूरत वाले लोगों सहित समाज के सभी सदस्यों के लिए सेवाएं मुहैया कराता है। यह नि:शुल्क एप एंड्रॉयड और एपल स्मार्टफोन पर उपलब्ध है। इस एप का इस्तेमाल करने वाले लोग इसके जरिए अपने पासपोर्ट और वीसा का नवीकरण करा सकते हैं। इससे कई इलेक्ट्रॉनिक सेवाएं प्राप्त करना भी आसान होगा।
 
हालांकि आलोचकों का कहना है कि यह एप पुरुषों को महिलाओं की गतिविधियों पर नजर रखने की इजाजत देकर उनके उत्पीड़न को बढ़ावा देता है। एपल के सीईओ टिम कुक ने अमेरिका के नेशनल पब्लिक रेडियो को इस हफ्ते की शुरुआत में बताया था कि उन्होंने इस एप के बारे में नहीं सुना है, लेकिन वे इसे देखेंगे।
 
अमेरिकी सीनेटर रॉन वाइडेन ने एपल और गूगल से इस एप को हटाने को कहा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यह एप महिलाओं के खिलाफ अभद्र हरकतों को बढ़ावा देता है। सऊदी कानून के मुताबिक महिलाओं को अपना पासपोर्ट नवीनीकृत कराने या देश से बाहर जाने के लिए अपने पति या किसी नजदीकी पुरुष रिश्तेदार की मंजूरी लेनी होती है। मंत्रालय ने रविवार को एप की सेवाओं के उद्देश्य पर सवाल उठाने की मंशा से चलाए जा रहे व्यवस्थित अभियान की आलोचना करते कहा कि एप के राजनीतिकरण की कोशिशें की जा रही हैं। (भाषा)
अगला लेख
मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र : कर्जमाफी और कानून व्यवस्था पर कमलनाथ सरकार को घेरेगा विपक्ष