1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Retired ITBP jawan shoots himself in Delhi

दिल्ली में ITBP के रिटायर्ड जवान ने खुद को मारी गोली

ITBP
नई दिल्ली। भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) से सेवानिवृत्त एक जवान ने दक्षिण पश्चिम दिल्ली के पालम गांव में अपने घर में अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कथित रूप से खुद को गोली मारकर जान दे दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 48 वर्षीय सुधीर कुमार के तौर पर हुई है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाला कुमार दो महीने पहले ही बल में हेड कांस्टेबल पद से सेवानिवृत्त हुआ था। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी पालम थाने को सुबह करीब साढ़े आठ बजे मिली।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घर का मुख्य द्वार अंदर से बंद था और जब पुलिस खिड़की से घर में घुसी तो फर्श पर एक शख्स बेहोश पड़ा था और उसके सिर और छाती पर गोली लगने के निशान थे। अधिकारी के मुताबिक, कुमार की पत्नी ने अपने बयान में कहा कि उसका पति शराब का आदी था और उसके साथ हुए झगड़े के बाद वह अपने माता-पिता के घर चली गई थी।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने यह भी बताया कि उसके पति के पास लाइसेंसी रिवॉल्वर थी। पुलिस ने कहा कि मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है और परिवार के सदस्यों को किसी साज़िश के होने का शक नहीं है। अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
अगला लेख
टेलिग्राम के अपग्रेडेड फीचर्स आपको आएंगे पसंद, जानिए क्या है खास...