1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Putin speaks to US President Donald Trump, condemns Israels attack on Iran

डोनाल्ड ट्रंप और पुतिन के बीच फोन पर बात, ईरान-इजराइल विवाद सहित इन मुद्दों पर हुई चर्चा

Donald Trump
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और यूक्रेन शांति वार्ता पर चर्चा के लिए शनिवार को 50 मिनट तक फोन पर बातचीत की। पुतिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। बातचीत के दौरान पुतिन ने ट्रंप को ईरान और इजराइल के नेताओं के साथ अपनी हालिया बातचीत के बारे में जानकारी दी और ईरानी परमाणु मुद्दे पर परस्पर स्वीकार्य समाधान तलाशने के रूस के प्रस्ताव को दोहराया।
पुतिन और ट्रंप के बीच बातचीत के बाद उशाकोव ने पत्रकारों से कहा कि स्वाभाविक रूप से, विचारों के आदान-प्रदान के केंद्र में पश्चिम एशिया में तनाव का खतरनाक रूप से बढ़ना रहा। उन्होंने बताया कि ट्रंप ने क्षेत्रीय स्थिति को ‘बहुत चिंताजनक’ बताया और दोनों नेताओं में से किसी ने भी ईरानी परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की संभावना से इनकार नहीं किया। उशाकोव के अनुसार पुतिन ने इस्तांबुल में रूसी और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडलों के बीच शांति वार्ता के दौरान युद्धबंदियों के आदान-प्रदान समेत हुए समझौतों के कार्यान्वयन के बारे में ट्रंप को जानकारी दी।
 
रूस के विदेश मंत्री ने ईरान को दिया सहायता आश्वासन
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने ईरान के खिलाफ इजराइली हमलों की शनिवार को निंदा की और तेहरान के परमाणु मुद्दे को हल करने एवं इजराइल के साथ तनाव कम करने को लेकर मॉस्को की तत्परता व्यक्त की। रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि लावरोव ने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की।
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा शुक्रवार रात ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ फोन पर हुई बातचीत के सिलसिले में अराघची ने यह फोन कॉल की। मंत्रालय ने कहा कि रूसी पक्ष ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि मॉस्को संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के मानदंडों का उल्लंघन कर ईरान के खिलाफ चलाए गए इजराइल के ऑपरेशन की निंदा करता है।
 
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित स्थिति को सुलझाने तथा ईरान एवं इजराइल के बीच संघर्ष को कम करने के प्रयासों को जारी रखने के लिए तत्परता की पुष्टि की गई। रूस के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास ‘क्रेमलिन’ के प्रेस कार्यालय ने बताया कि राष्ट्रपति पुतिन ने शुक्रवार रात पेजेशकियन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ फोन पर बातचीत की। उसने बताया कि रूस ने इजराइल के कदमों की निंदा की। भाषा Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Weather Update : केरल के 5 जिलों में रेड अलर्ट, मंगलुरु में भारी बारिश का कहर