1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Kulbhushan Jadhav Pakistan Protest

चप्पल चोर पाकिस्तान, अमेरिका में विरोध

Kulbhushan Jadhav
वॉशिंगटन। पाकिस्तान की जेल में कैद भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव से इस्लामाबाद मिलने गईं उनकी मां और पत्नी के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में भारतीयों, अफगानियों और बलूच लोगों ने सोमवार को अमेरिका के वॉशिंगटन स्थित पाकिस्तानी दूतावास के बाहर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी हाथों में 'चप्पल चोर पाकिस्तान' वाले पोस्टर लिए हुए थे। जाधव के परिवार के साथ एकजुटता दिखाने के लिए प्रदर्शनकारियों ने दूतावास को अपने पुराने जूते भी दान में दिए। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि जब वे एक ऐसी परेशान महिला (जाधव की पत्नी) के जूते चुरा सकते हैं तो वे इन पुराने जूतों का भी इस्तेमाल कर लेंगे। एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि जाधव के परिवार के साथ अपनाए गए रवैये ने पाकिस्तान की संकीर्ण सोच उजाकर कर दी है।

गौरतलब है कि गत 25 दिसंबर को इस्लामाबाद में जाधव की पत्नी और मां के साथ दुर्व्यवहार किया गया था जिसे लेकर भारत ने भी कड़ी आपत्ति जताई थी। जाधव की पत्नी को उनकी जूतियां उतारने को कहा गया और उसकी जगह उन्हें दूसरे जूते पहनने को दिए गए।

पाकिस्तान के मुताबिक जूतियां सुरक्षा कारणों से उतरवाई गई थीं क्योंकि उसमें किसी धातु के होने की आशंका थी। गौरतलब है कि भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को आतंकवाद और जासूसी के आरोप में पाकिस्तान ने अपनी जेल में कैद कर रखा है। बीते साल पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने जाधव को फांसी की सजा सुनाई थी, लेकिन 18 मई 2017 को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने उसकी फांसी पर रोक लगा दी। (वार्ता)
अगला लेख
धारा 377 से संबंधित फैसले की समीक्षा को तैयार सुप्रीम कोर्ट