1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. शीर्ष अमेरिकी सीनेटर बोले, भारत-अमेरिका के रिश्ते व्यापक, गहरे एवं प्रगति पर

India US relationship | शीर्ष अमेरिकी सीनेटर बोले, भारत-अमेरिका के रिश्ते व्यापक, गहरे एवं प्रगति पर

India
वॉशिंगटन। अमेरिका के एक शीर्ष सीनेटर ने गुरुवार को कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते व्यापक, गहरे एवं प्रगति पर हैं। साथ ही उन्होंने वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास चीन की सेना के साथ हिंसक झड़प में भारतीय सैनिकों की शहादत पर दु:ख भी व्यक्त किया।
पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में 15 जून को दोनों सेनाओं के बीच हिंसक झड़प में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए थे। अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू के साथ बातचीत के बाद सीनेटर कोरी गार्डनर ने कहा कि अमेरिका और भारत के संबंध व्यापक, गहरे और प्रगति पर हैं। हमने यह चर्चा की कि हमारे राष्ट्रों के बीच क्षेत्र में साझा चुनौतियों तथा आक्रामकता का मुकाबला करने और हिन्द-प्रशांत में नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों देशों के बीच सहयोग कितना महत्वपूर्ण है।
 
कोलोराडो से रिपब्लिकन सीनेटर गार्डनर पूर्वी एशिया, प्रशांत और अंतरराष्ट्रीय साइबर सुरक्षा नीति पर सीनेट की विदेश मामलों की उपसमिति के अध्यक्ष भी हैं। उनके कार्यालय ने बताया कि उन्होंने अमेरिका और भारत के रिश्तों की महत्ता के संबंध में संधू के साथ फोन पर बातचीत की।
 
उन्होंने कहा कि बातचीत की शुरुआत में मैंने वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत और चीन के बीच हिंसक झड़प में भारतीय जवानों की शहादत पर शोक जताया। गार्डनर ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच संबंध गहरे करने के लिए मैं राजदूत संधू के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं। (भाषा)
अगला लेख
कोरोनावायरस Live Updates : दिल्ली में 10 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच