1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Earthquake in Japan, earthquake

जापान में भूकंप से एक व्यक्ति की मौत, 120 घायल, 32 लापता

Earthquake in Japan
टोक्यो। जापान के उत्तरी द्वीप होक्काइडो में गुरुवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। उसके बाद हुए भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हो गई, 120 लोग घायल हो गए और 32 लोग लापता हैं।


जापान के सरकारी प्रसारक एनएचके के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.7 आंकी गई। दक्षिण होक्काइडो स्थित अत्सुमा शहर में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ और पूरे द्वीप में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। होक्काइडो इलेक्ट्रिक पॉवर कंपनी ने कहा है कि बिजली आपूर्ति संयंत्र को आपातकालीन स्थिति में बंद करना पड़ा।

द्वीप के करीब 30 लाख घरों में बिजली की आपूर्ति कब बहाल होगी इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। जापान की समाचार एजेंसी 'क्योडो' के अनुसार, होक्काइडो द्वीप की सभी रेल सेवाएं बाधित हैं। होक्कोइडो के न्यू चितोसे हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया। इससे 200 उड़ानें और 40,000 यात्री प्रभावित होंगे।

अमेरिका के भौगोलिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र होक्काइडो के मुख्य शहर सप्पोरो से 68 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में था। जापान के मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप के झटकों के बाद सुनामी का खतरा नहीं है।

प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा कि उनकी सरकार ने राहत एवं बचाव को लेकर समन्वय के लिए एक नियंत्रण कक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि लोगों की जान बचाना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गौरतलब है कि प्रशांत महासागरीय द्वीपों का देश जापान अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण हमेशा से भूकंप, सुनामी और ज्वालामुखी संभावित क्षेत्र रहा है। (वार्ता)
अगला लेख
SC/ST एक्ट पर संशोधन के खिलाफ सवर्ण हुए लामबंद, पूरे भारत में बंद, एमपी में हाईअलर्ट