विधानसभा के स्पीकर को किसने कहा धृतराष्ट्र
Publish Date: Mon, 3 Jul 2017 (20:29 IST)
Updated Date: Mon, 3 Jul 2017 (20:31 IST)
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के बागी विधायक कपिल मिश्रा को दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान बाहर निकाल दिया गया। मई महीने से अब तक मिश्रा को तीसरी बार सदन से बाहर निकाला गया है। मिश्रा ने अपने एक पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं करने पर विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल को 'धृतराष्ट्र' कहा कि जिसके बाद स्पीकर ने उन्हें सदन से बाहर निकालने का आदेश दिया।
आप सरकार से बर्खास्त किए गए मिश्रा ने विधानसभा अध्यक्ष से कहा कि आप धृतराष्ट्र की तरह मेरा पत्र दबाकर क्यों बैठे हैं? उन्होंने पिछले सप्ताह विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर आप की असंतुष्ट कार्यकर्ता सिमरन कौर को न्याय दिलाने की मांग की थी। सिमरन का आरोप है कि आप के तीन विधायकों ने उस पर हमला कर दिया था।
मिश्रा को तीसरी बार विधानसभा से निकाला गया है। पिछले सप्ताह मिश्रा और आप के अन्य विधायकों के बीच तीखी कहासुनी के बाद उन्हें सदन से बाहर कर दिया गया था। मई महीने में भी एक दिन के सत्र के दौरान उन्हें उस समय सदन से बाहर निकाला गया था जब मिश्रा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लिखे हुए बैनर को लहराया था और आप के कुछ विधायकों के साथ उनकी धक्का-मुक्की हो गई थी। (भाषा)