सावधान! चीन ने किया सबसे बड़े विध्वंसक पोत का जलावतरण
Publish Date: Wed, 28 Jun 2017 (14:18 IST)
Updated Date: Wed, 28 Jun 2017 (14:22 IST)
बीजिंग। वैश्विक नौसैन्य ताकत बनने की दिशा में बड़े पैमाने पर विस्तार के तहत चीनी नौसेना ने बुधवार को नई पीढ़ी के अपने सबसे बड़े और 10,000 टन वजनी विध्वंसक पोत का जलावतरण किया।
चीनी नौसेना के इस नए विध्वंसक पोत का डिजाइन और निर्माण घरेलू स्तर पर किया गया है। इसका शंघाई के जियांगनान शिपयार्ड में जलावतरण किया गया।
सरकारी समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' की खबर के अनुसार यह जहाज चीन के नयी पीढ़ी के विध्वंसक जहाजों में से पहला है। यह नई वायु रक्षा प्रणाली, मिसाइल रोधी, पोत रोधी एवं पनडुब्बी रोधी हथियारों से लैस है।
यह जहाज देश की नौसैन्य शस्त्र प्रणाली में सुधार और नौसेना को मजबूत एवं आधुनिक बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। योजना के अनुसार, जहाज पर कई परीक्षण किए जाएंगे। (भाषा)