1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Attack in Iraq near US embassy

इराक में अमेरिकी दूतावास के समीप फिर रॉकेट हमला, निशाने पर थे 5200 अमेरिकी सैनिक

US embassy
बगदाद। इराक की राजधानी बगदाद में रविवार तड़के अमेरिकी दूतावास के समीप कई रॉकेट दागे गए। बताया जा रहा है कि यह हमला 5200 अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर किया गया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने रॉकेट दागे गए। हमले में किसी के हताहत होने की भी सूचना नहीं है।
 
समाचार एजेंसी भाषा के अनुसार, एएफपी के संवाददाताओं ने उच्च सुरक्षा वाले अमेरिकी दूतावास के ग्रीन जोन के समीप मंडरा रहे विमान से धमाकों की कई आवाज सुनी। यह अमेरिकी दूतावास या इराक में स्थानीय बलों के साथ तैनात लगभग 5,200 अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर किया गया। अक्टूबर, 2019 से अब तक का 19वां हमला है।
 
इन हमलों की कभी किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली। लेकिन अमेरिका ने ईरान समर्थित समूह हशद अल-शाबी पर संदेह जताया है। दिसंबर में उत्तरी इराक में एक रॉकेट हमले में अमेरिका का एक ठेकेदार मारा गया था।
 
अमेरिका ने इसके कुछ दिनों बाद पश्चिमी इराक में कट्टरपंथी हशद गुट के खिलाफ हमले किए। बगदाद में अमेरिका के एक ड्रोन हमले में ईरान के शीर्ष जनरल कासिम सुलेमानी और उनका दाहिना हाथ माने जाने वाले हशद के उपप्रमुख अबू महदी अल-मुहांदिस मारे गए थे।
 
रविवार के हमले से कुछ घंटों पहले हशद के ईरान समर्थित एक गुट हरकत अल-नुजबा ने देश से अमेरिकी सेना को खदेड़ने के लिए उल्टी गिनती शुरू की थी।
चित्र सौजन्य : फाइल फोटो 
अगला लेख
Corona Virus का कहर, चीन में 1600 से ज्यादा की मौत, जापानी क्रूज पर 355 संक्रमित