1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. America will issue visa for more than one million Indians

भारतीयों के लिए खुशखबरी, बाइडन प्रशासन जारी करेगा 10 लाख से अधिक वीजा

Biden Administration
American visa। अमेरिका इस साल भारतीयों को 10 लाख से अधिक वीजा जारी करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बाइडन प्रशासन (Biden Administration) में दक्षिण एशिया के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह बात कही। उन्होंने भरोसा दिया कि बाइडन प्रशासन उन सभी भारतीयों के लिए छात्र वीजा की प्रक्रिया को इस गर्मी में पूरा कर देगा जिनके विद्यालय सितंबर से शुरू होने हैं।
 
दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ने इस सप्ताह कहा कि वे कार्य वीजा को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। गौरतलब है कि भारत के आईटी पेशेवरों के बीच एच-1बी और एल वीजा की काफी मांग है।
 
एच-1बी वीजा गैर-अप्रवासी वीजा है जिससे अमेरिकी कंपनियों को खास विशेषज्ञता वाले पेशेवरों में विदेशी कामगारों की भर्ती करने की अनुमति मिलती है। प्रौद्योगिकी कंपनियां भारत और चीन जैसे देशों से हर साल हजारों कर्मचारियों को भर्ती करने के लिए इस पर निर्भर रहती हैं।
 
लू ने कहा कि हम इस साल 10 लाख से अधिक वीजा जारी करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। छात्र वीजा और अप्रवासी वीजा की रिकॉर्ड संख्या के साथ यह हमारे लिए अब तक सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी भारतीयों के लिए छात्र वीजा की प्रक्रिया को इस गर्मी में पूरा कर दिया जाएगा जिनके विद्यालय सितंबर से शुरू होने हैं।
 
भारत में पहली बार वीजा आवेदन करने वालों के लिए प्रतीक्षा अवधि बढ़ रही है। अमेरिका जाने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों के मामले में भारत अब दुनिया में दूसरे स्थान पर है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
शाहनवाज हुसैन का दावा- मुस्लिमों के लिए मोदी से अच्छा कोई नेता नहीं