अपने आकार से बड़ा लड्डू खाना चाहती है आप : राजनाथ
Publish Date: Sat, 28 Jan 2017 (08:35 IST)
Updated Date: Sat, 28 Jan 2017 (08:39 IST)
पणजी। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गोवा में सरकार बनाने का दावा कर रही आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली यह पार्टी सरकार चलाने में विफल रही है।
सिंह ने कहा, 'आप अब आम आदमी की पार्टी नहीं रही। यह खास आदमी की पार्टी हो गई है। दिल्ली जाइए और देखिए कि ये लोग किस तरह सरकार चला रहे हैं। दिल्ली पूर्ण राज्य नहीं है, इसके बावजूद आप वहां उचित ढंग से शासन करने में विफल रही है।' वह दक्षिणी गोवा के कुनकोलिम में भाजपा उम्मीदवार राजन नाइक के समर्थन में एक रैली को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, 'वे (आप) चुनावी प्रयोग करने गोवा आए हैं। क्या वे गोवा को प्रयोगशाला समझते हैं? दिल्ली में विफल रहने के बाद आप गोवा में सरकार बनाने का सपना कैसे देख सकती है। वो अपनी साइज से कुछ बड़ा लड्डू खाने का प्रयास कर रहे हैं।' (भाषा)