भाजपा का दामन थामते मोदी विरोधी नेता
नई दिल्ली। चुनाव के इस मौसम में विचारधारा बदलते देर नहीं लगती है। फिलहाल तीन नेता ऐसे हैं जो कि एक लंबे समय में गुजरात दंगों के लिए मोदी को कोसते रहे हैं, लेकिन रातोंरात उनकी विचारधारा बदल गई है और वे मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए तैयार बैठे हैं।
FILE |
इस मामले में आश्चर्य की बात है कि भाजपा को ऐसे दलबदलू नेताओं से कोई परहेज नहीं है। आखिर उसे भी तो ऐसे नेताओं की जरूरत है जो कि लोकसभा में पार्टी की सीटों को बढ़ाने में मदद करें। इन तीन नेताओं में कांग्रेस की केंद्रीय राज्यमंत्री रही डी. पुरंदेश्वरी, कांग्रेस से ही यूपी के एक प्रमुख नेता जगदम्बिका पाल और बिहार में लालू के खास सिपहसालार रहे रामकृपाल यादव हैं।
शुक्रवार को डी. पुरंदेश्वरी ने भाजपा प्रमुख राजनाथसिंह से भेंट की और लोकसभा चुनावों में आंध्रप्रदेश से भाजपा को जिताने की कसमें खाईं। उनके अलावा, जगदम्बिका पाल भी भाजपा या सपा का दामन थाम सकते हैं।
हालांकि उनका पार्टी बदलने का फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि उनका कौनसी पार्टी में शामिल होना सबसे ज्यादा लाभदायक होगा। हालांकि इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनको सपा में जाने से बहुत लाभ मिलने वाला नहीं है और वे संभवत: अंतत: भाजपा का ही दामन थामें।
इनके अलावा, अब तक राजद के बड़े नेताओं में गिने जाते रहे राज्यसभा सदस्य रामकृपाल यादव ने भी राजद के सभी पदों को छोड़कर अपनी नाराजगी का इजहार कर दिया है। कहा जा रहा है कि वे भाजपा नेताओं के सम्पर्क में हैं और सभी कुछ तय होती ही भाजपा की शरण में आ जाएंगे।
तीनों सांसद रहे ये नेता अब तक संसद के सदनों में बहसों के दौरान गुजरात के दंगों के लिए नरेन्द्र मोदी को कोसते रहे हैं। इतना ही नहीं, इन लोगों को अपने-अपने दलों में इसी कारण से महत्व भी दिया जाता था, लेकिन ठीक चुनावों से पहले इन सभी का हृदय परिवर्तन हो गया और मोदीजी सबसे बड़े धर्मनिरपेक्ष नेता बन गए हैं।
कुछ दिनों पहले तक जगदम्बिका पाल भाजपा को सांप्रदायिक बताते नहीं थकते थे लेकिन अब यही साम्प्रदायिकता उन्हें प्यारी हो गई है। ये सभी गुजरात दंगों के लिए मोदी को ही दोषी करार देते थे लेकिन अब मोदी को प्रधानमंत्री के अभियान से जुड़ने वाले हैं।
रामकृपाल यादव राज्यसभा में गुजरात में मुस्लिमों की हत्याओं के लिए नरेन्द्र मोदी को जिम्मेदार ठहराते रहे हैं, लेकिन चुनावों की बलिहारी कि सभी को मोदी में प्रधानमंत्री बनने योग्य व्यक्ति दिख रहा है और ये उन्हें प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान भी देना चाहते हैं।

