मोदी, मुलायम, मायावती सबका ध्यान अकबरपुर पर
FILE
यहां भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी, सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मंत्री शिवपाल यादव आ रहे हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी यहां आ चुके हैं। जबकि बसपा सुप्रीमो मायावती कानपुर में ही अकबरपुर के प्रत्याशी के लिए सभा कर रही हैं।
अकबरपुर लोकसभा सीट पर मतदान 24 अप्रैल को और कानपुर शहर लोकसभा सीट पर मतदान 30 अप्रैल को है इसलिये राजनीतिक दलों का ध्यान अकबरपुर पर ही है।
अकबरपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के वर्तमान सांसद राजाराम पाल एक बार फिर मैदान में हैं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री देवेन्द्र सिंह भोले को, बसपा ने अनिल शुक्ला वारसी को, सपा ने लाल सिंह तोमर को और आम आदमी पार्टी ने अरविंद कटियार को टिकट दिया है।
अकबरपुर लोकसभा सीट पर वर्तमान कांग्रेस सांसद राजाराम पाल के समर्थन में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने 11 अप्रैल को चुनावी सभा की थी।
FILE
सपा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को सपा सरकार में मंत्री शिवपाल यादव अकबरपुर के बिठूर विधानसभा क्षेत्र में रैली करेंगे। जबकि पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव अकबरपुर रनिया में लाल सिंह तोमर के पक्ष में वोट मांगेगे।
बसपा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष मायावती कल 17 अप्रैल को कानपुर के रेल बाजार मैदान में आ रही हैं। मायावती अकबरपुर से पार्टी प्रत्याशी अनिल शुक्ला तथा कानपुर नगर प्रत्याशी सलीम अहमद दोनों के पक्ष में वोट मांगेंगी।
अकबरपुर लोकसभा सीट का कुछ हिस्सा कानपुर शहर के अंदर आता है इसलिए जिला और पुलिस प्रशासन कड़ी चौकसी बनाये हुए है। इस सीट पर 24 अप्रैल को मतदान है। (भाषा)

