• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. दिल्ली
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 2 दिसंबर 2013 (20:08 IST)

भाजपा भारी बहुमत से बनाएगी सरकार-हर्षवर्धन

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2013
FILE
नई दिल्ली। दिल्ली में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डॉ. हर्षवर्धन ने सोमवार को दावा किया कि राज्य की जनता ने कथित घोटालों से सराबोर भ्रष्ट कांग्रेस को हटाने का मन बना लिया है और भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन हर्षवर्धन ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को लोगों का असाधारण समर्थन मिल रहा है और यहां की जनता ‘भ्रष्ट’ कांग्रेस सरकार को किसी कीमत पर वापस नहीं लाना चाहती है।

आम आदमी पार्टी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों ने अपने मन में यह भी बना लिया है कि ‘आप’ पार्टी को वोट देने का मतलब अपना वोट खराब करना है। उनका दावा है कि दिल्ली में भाजपा की स्पष्ट बहुमत से सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि हमने लोगों से सकारात्मक वोट मांगा है, नकारात्मक अभियान नहीं चलाया। हमने सकारात्मक दृष्टि और सोच पेश की और महिला सुरक्षा, युवा प्रोत्साहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और विकास के मुद्दों पर वोट मांगा है।

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार मल्होत्रा ने कहा कि 1951 के बाद से दिल्ली में अब तक कई बार चुनाव हुए, लेकिन यह पहली बार है किसी प्रधानमंत्री ने अपना चुनावी कार्यक्रम रद्द किया। एक बार भी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दिल्ली की जनता को संबोधित नहीं किया। यह कांग्रेस पार्टी का हार स्वीकार कर लेने का परिचायक है।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार और महंगाई की मार झेल रही दिल्ली की जनता परिवर्तन करने के लिए तैयार है। (भाषा)