1. समाचार
  2. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020
  3. समाचार
  4. अदनान सामी बोले, मेरे पिता का मेरे पद्मश्री से क्या लेना-देना?

Adnan Sami | अदनान सामी बोले, मेरे पिता का मेरे पद्मश्री से क्या लेना-देना?

Adnan Sami
मुंबई। पाकिस्तानी मूल के गायक अदनान सामी को पद्मश्री पुरस्कार दिए जाने की घोषणा के बाद से शुरू हुए विवाद पर सामी ने गुरुवार को कहा कि कुछ नेता राजनीतिक लाभ के लिए बेवजह उनका नाम विवादों में घसीट रहे हैं।
सामी को 2016 में भारत की नागरिकता दी गई थी। उन्होंने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुने जाने पर सरकार का 'अनंत आभार' व्यक्त करते कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों से उनके अच्छे संबंध हैं।
 
उन्होंने कहा कि आलोचना करने वाले कुछ राजनेता हैं। वे किसी राजनीतिक एजेंडे के तहत ये कर रहे हैं और इसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है। मैं नेता नहीं हूं, मैं तो संगीतकार हूं।
 
दरअसल, सामी के पिता पाकिस्तान वायुसेना में पायलट थे और इसीलिए सामी के नाम पर विवाद है लेकिन सामी पूरे विवाद को गैरजरूरी मानते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे पिता पुरस्कृत लड़ाकू पायलट थे और एक पेशेवर सैनिक थे। उन्होंने अपने देश के प्रति अपना फर्ज निभाया। उसके लिए मैं उनका सम्मान करता हूं।
 
उन्होंने कहा कि वह उनका जीवन था और उसके लिए उन्हें पुरस्कृत किया गया। मैंने उससे लाभ नहीं उठाया और न ही उसका श्रेय लिया। ठीक इसी प्रकार से मैं जो करता हूं, उसका श्रेय उन्हें नहीं दिया जा सकता। मेरे पुरस्कार का मेरे पिता से क्या लेना-देना? यह गैरजरूरी है।
अगला लेख
वक्फ बोर्ड के धन के दुरुपयोग का आरोप, AAP विधायक के खिलाफ मामला दर्ज