1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Coronavirus test of 40 million people in the country

देश में 4 करोड़ लोगों की हुई Coronavirus जांच, 2 हफ्तों में जांचे 1 करोड़ से अधिक नमूने

Coronavirus screening
नई दिल्ली। कोरोनावायरस (Coronavirus) से संक्रमण का पता लगाने के लिए देश में अब तक कुल 3,94,77,848 परीक्षण किए जा चुके हैं और पिछले 2 हफ्तों में ही एक करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की गई है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी और कहा कि देश में प्रति दस लाख आबादी पर जांच की संख्या 28,607 हो गई है।

केंद्र सरकार की ‘परीक्षण, निगरानी और इलाज‘ रणनीति पर ध्यान केंद्रित रखते हुए भारत में लगातार दूसरे दिन नौ लाख से अधिक नमूनों के परीक्षण किए गए। भारत पहले ही प्रति दिन 10 लाख जांच करने की क्षमता प्राप्त कर चुका है। गुरुवार को 24 घंटे की अवधि में कुल 9,01,338 नमूनों के परीक्षण किए गए थे। इसके साथ ही अब तक किए गए कुल परीक्षणों की संख्या 3,94,77,848 हो गई।

मंत्रालय ने कहा, पिछले दो हफ्तों में कोविड का पता लगाने के लिए एक करोड़ से अधिक नमूनों के परीक्षण किए गए हैं।मंत्रालय ने रेखांकित किया कि प्रति दस लाख आबादी पर जांच की संख्या भी बढ़कर 28,607 हो गई है। व्यापक स्तर पर परीक्षणों से ही संक्रमण की पहचान प्रारंभिक चरण में की जा सकती है, उनके करीबी संपर्कों का तुरंत पता लगाया जा सकता है और उन्हें पृथक कर समय पर प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है।
जांच पर जोर देने की रणनीति के तहत देश में प्रयोगशालाओं के नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जाता है और आज देश में 1,564 प्रयोगशालाएं काम कर रही हैं। इनमें 998 प्रयोगशालाएं सरकारी क्षेत्र में और 566 निजी क्षेत्र में हैं।
भारत में एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 77,266 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 33,87,500 हो गए। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 1,057 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 61,529 हो गई।(भाषा)
अगला लेख
Rohit Sharma के प्रदर्शन के बारे में बचपन के कोच ने की भविष्यवाणी