1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. तो क्या देश में होने वाला है कोरोना विस्फोट, नवंबर तक हो सकते हैं 1 करोड़ मरीज

Coronavirus in india updates | तो क्या देश में होने वाला है कोरोना विस्फोट, नवंबर तक हो सकते हैं 1 करोड़ मरीज

Coronavirus
नई दिल्ली। भारत में कोरोनावायरस संक्रमित मामलों की संख्या रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को पहली बार एक दिन में 30 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। इस बीच इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस बेंगलुरू (आईआईएससी) ने डराने वाले अनुमान लगाए हैं।

आईआईएससी मुताबिक मौजूदा रफ्तार के हिसाब से भारत में 1 सितंबर तक कोरोना के 35 लाख केस हो जाएंगे। यानी अगले डेढ़ महीने के दौरान 26 लाख नए केस सामने आ सकते हैं।

एक अंग्रेजी अखबार में छपी खबर के अनुसार आईआईएससी के अनुमान के अनुसार आने वाले दिनों में हालात और भी खराब हो सकते हैं। अगर इसी रफ्तार से संक्रमितों की संख्या बढ़ी तो 1 नवंबर तक भारत में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1 करोड़ के पार हो सकता है।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्‍या लगातार बढ़ रही है। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 10 लाख के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक 9 लाख 68 हजार 876 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 24,915 लोगों की मौत हो चुकी है।
हालांकि अब तक 6 लाख 12 हजार लोग ठीक भी हुए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 32 हजार 695 नए मामले सामने आए और 606 मौतें हुईं। यह एक दिन का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है।