1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Corona virus can cause crores of people to become hungry

COVID-19 से करोड़ों लोग हो सकते हैं भुखमरी का शिकार, संयुक्त राष्ट्र ने चेताया

Coronavirus
रोम। संयुक्त राष्ट्र ने चेताया है कि कोरोनावायरस (Coronavirus) महामारी इस साल करीब 13 करोड़ और लोगों को भुखमरी की ओर धकेल सकती है। विश्व में भुखमरी के कगार पर पहुंचे लोगों की संख्या पिछले साल करीब एक करोड़ बढ़ गई थी।

यह गंभीर आकलन विश्व में खाद्य सुरक्षा एवं पोषण की स्थिति के मद्देनजर हालिया रिपोर्ट में सामने आया है। इसे तैयार करने वाली यूएन की पांच एजेंसियों की ओर से इस वार्षिक रिपोर्ट को सोमवार को जारी किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में उपलब्ध विश्व के आर्थिक परिदृश्य पर आधारित ये प्रारंभिक अनुमान बताते हैं कि महामारी के कारण वर्ष 2020 में कुपोषण की तालिका में 8.3 करोड़ से 13.2 करोड़ अतिरिक्त लोग जुड़ सकते हैं।

यूएन एजेंसियों के अनुमान के मुताबिक, पिछले साल करीब 69 करोड़ लोग भुखमरी की जद में रहे जो कि पूरी दुनिया की आबादी का करीब नौ प्रतिशत है। वर्ष 2018 से इस संख्या में करीब एक करोड़ जबकि वर्ष 2014 से करीब छह करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, दशकों तक लगातार गिरावट के बाद वर्ष 2014 से भुखमरी के आंकड़ों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होनी शुरू हुई जो कि अब तक जारी है।(भाषा) 
अगला लेख
कोरोना से इंदौर में 4 नई मौत, 51 नए कोरोना पॉजिटिव मिले, कुल संक्रमित 5403