1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Corona infected woman returned from UK reached Andhra Pradesh from Delhi

ब्रिटेन से लौटी Corona संक्रमित महिला दिल्ली से आंध्रप्रदेश पहुंच गई, बेटे के साथ पृथकवास में भेजा

Coronavirus
अमरावती (आंध्रप्रदेश)। ब्रिटेन से दिल्ली पहुंची कोरोना संक्रमित महिला अधिकारियों को चकमा देकर ट्रेन से आंध्र प्रदेश पहुंच गई लेकिन राजामहेंद्रवरम में उसे पकड़ा गया और बेटे के साथ उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि उनके 'स्वाब' के नमूने एकत्र कर जांच के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान में भेजे गए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि महिला और उसका बेटा ब्रिटेन में सामने आए कोरोनावायरस के नए प्रकार के संपर्क में तो नहीं आए।

ब्रिटेन में कोविड-19 के तेजी से फैलने वाले नए प्रकार के वायरस का पता लगने के बाद से देश हाईअलर्ट पर है। एहतियात के लिए कई उपाय बरते जा रहे हैं, इनमें ब्रिटेन से हाल में लौटे यात्रियों की तेजी से जांच भी शामिल है।

नई दिल्ली स्थित पृथकवास केंद्र से भागकर अपने गृह नगर आंध्र प्रदेश के राजामहेंद्रवरम पहुंची महिला को रेलवे पुलिस एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने पकड़ लिया और बुधवार की आधी रात के बाद उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों के अनुसार महिला ने उन्हें बताया कि अफसरों ने उसके लिए गृह पृथकवास की अनुशंसा की थी और इसी के चलते वह नई दिल्ली से खुद यहां (राजामहेंद्रवरम) चली आई, क्योंकि वायरस संक्रमण के कोई लक्षण भी नहीं थे।

महिला का बेटा उसे लेने के लिए दिल्ली गया था। बेटे को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दोनों को पृथक कमरों में रखा गया है। महिला ब्रिटेन में शिक्षिका के तौर पर काम करती है। वह 21 दिसंबर को भारत आई थी और उसकी उड़ान नई दिल्ली में उतरी। जांच के दौरान महिला कोरोनावायरस से संक्रमित पाई गई और इसके बाद उसे वहां पृथकवास केंद्र में रखा गया था।

हालांकि अपने बेटे के साथ वहां से फरार हो गई और आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस से वह राजामहेंद्रवरम पहुंची। दिल्ली पुलिस के अलर्ट के बाद रेलवे पुलिस को पता चला कि महिला आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस के प्रथम श्रेणी कोच में यात्रा कर रही है, इसके बाद यह जानकारी राजामहेंद्रवरम के अधिकारियों को दी गई।(भाषा)
अगला लेख
ब्रिटेन से लौटे लोगों के जिनोमिक विश्लेषण का परिणाम अगले हफ्ते आने की उम्मीद