1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. 11427 new cases of corona infection in India

Covid 19 in India: कोरोना संक्रमण के 11427 नए मामले, 1 करोड़ से अधिक लोग स्वस्थ

Coronavirus
नई दिल्ली। भारत में कोरोनावायरस संक्रमण के 1 दिन में 11,427 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,07,57,610 हो गई है। संक्रमित हुए इन लोगों में से 1,04,34,983 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। इसी के साथ संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर में इजाफा हुआ है और यह 97 प्रतिशत हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह 8 बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार इस बीमारी के कारण 118 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 1,54,392 हो गई है। कोरोनावायरस के मरीजों की मृत्युदर 1.44 प्रतिशत बनी हुई है। देश में लगातार 13 दिन से उपचाराधीन लोगों की संख्या 2 लाख से कम है। अभी 1,68,235 लोगों का कोरोनावायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.56 प्रतिशत है।
 
भारत में 7 अगस्त को संक्रमित लोगों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और 5 सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को 1 करोड़ के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 31 जनवरी तक कुल 19,70,92,635 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की जा चुकी है। इनमें से 5,04,263 नमूनों की जांच रविवार को की गई। (भाषा)
अगला लेख
बजट 2021-22 : निर्मला सीतारमण के बजट में रेलवे के लिए क्या है खास...