मंगलवार, 21 मार्च 2023
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. कॉमनवेल्थ गेम्स 2022
  4. Indian women hockey team begins their commanwealth campaign with a thumping victory over Ghana
Written By
Last Updated: शुक्रवार, 29 जुलाई 2022 (20:28 IST)

चक दे इंडिया! महिला हॉकी टीम ने घाना पर 5-0 की जीत से की विजयी शुरुआत

भारतीय महिला हॉकी टीम ने बर्मिंघम के राष्ट्रमंडल खेलों में घाना को 5-0 से हराकर विजयी शुरुआत की। भारत कुछ और गोल कर सकता था लेकिन अच्छी बात यह रही कि भारत ने 1 भी गोल नहीं खाया जिसका फायदा भारत को आगे टूर्नामेंट में हो सकता है।

गुरजीत कौर ने पहले क्वार्टर में भारत को शानदार शुरुआत दिलाते हुए तीसरे मिनट में ही पहला गोल किया। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करने के लिये गेंद को नेट के ऊपरी कोने में पहुंचाया।

दूसरे क्वार्टर में घाना ने लय हासिल करना शुरू कर दी। मैच के 27वें मिनट में घाना ने भारत के गोल पर निशाना साधा, लेकिन कप्तान और गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार सेव के साथ भारत की बढ़त को बरकरार रखा।
इसके फौरन बाद घाना को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन सविता ने एक बार फिर गेंद को नेट तक नहीं पहुंचने दिया। घाना का एक और पेनल्टी कॉर्नर चूकने के बाद भारत हमलावर हुआ। भारत ने हाफ टाइम से सिर्फ तीन मिनट पहले एक और गोल किया। नेहा ने घाना के नेट सर्किल में पहुंचकर शॉट मारा जो घाना की डिफेंडर के स्टिक से छिटककर नेट तक पहुंच गया और भारत की बढ़त 2-0 हो गयी।

तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारत ने घाना पर अपना शिकंजा और मज़बूती से कस लिया। संगीता कुमारी ने जहां भारत के लिये दूसरा गोल किया, वहीं गुरजीत ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदल कर भारत को 4-0 की विशाल बढ़त दिला दी।

अंत में सलीमा टेटे ने भारतीय वर्चस्व को 'फिनिशिंग टच' देते हुए टीम के लिये पांचवां गोल किया और भारत ने घाना पर 5-0 की दमदार जीत दर्ज की।
ये भी पढ़ें
शिवा थापा के सामने पस्त हुआ पाकिस्तान मुक्केबाज, 5-0 से पीटा