रमनसिंह 12 दिसंबर को लेंगे शपथ
FILE
आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि भाजपा विधायक दल के नव-निर्वाचित नेता रमनसिंह का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार 12 दिसम्बर को सुबह लगभग 11 बजे राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि सिंह को सोमवार को प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल का सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। रमन सिंह तीसरी बार आम जनता के बीच राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
सिंह का पहला शपथ ग्रहण समारोह सात दिसम्बर 2003 को तथा दूसरा शपथ ग्रहण समारोह 12 दिसम्बर वर्ष 2008 को आयोजित किया गया था। इस बार भी रमन सिंह 12 दिसम्बर को ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
इससे पहले भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के दौरान सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों और विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से भाजपा को यह जनादेश मिला है। उन्होंने राज्य की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह राज्य सरकार के लिए चुनौती होगी कि वह घोषणा पत्र में कही गई बातों को शत प्रतिशत पूरा करे। पार्टी ने जनता से जो भी वादा किया है उसे पूरा किया जाएगा।
सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व में बेहतर काम किया है और उस काम का नतीजा है कि राज्य की जनता ने भाजपा पर भरोसा किया है। राज्य सरकार अब और भी बेहतर तरीके से काम करेगी जिससे राज्य विकसित राज्यों की श्रेणी में पहले और दूसरे स्थान पर आ जाए। (भाषा)

