रमन सिंह ने दाखिल किया नामांकन
FILE
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुजूर ने आज यहां संवाददाताओं को बताया कि राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के छठवें दिन उम्मीदवारों ने 51 नामांकन जमा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री रमन सिंह ने राजनांदगांव विधानसभा सीट के लिए तथा झीरम घाटी हमले में शहीद महेंद्र कर्मा की पत्नी देवती कर्मा ने दंतेवाड़ा विधानसभा सीट के लिए अपना नामांकन जमा किया।
कुजूर ने बताया कि इसके अलावा राज्य के खरागढ़ सीट के लिए भाजपा के उम्मीदवार कोमल जंघेल ने, जगदलपुर सीट के लिए संतोष बाफना ने, चित्रकोट के लिए बैदूराम कश्यप ने, दंतेवाड़ा सीट के लिए भीमा मंडावी ने तथा बीजापुर सीट के लिए महेश गागड़ा ने अपना पर्चा दाखिला किया है।
उन्होंने बताया कि आज भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सरोजनी बंजारे ने डोंगरगढ़ सीट के लिए, दिनेश गांधी ने डोंगरगांव सीट के लिए, विजय साहू ने खुज्जी के लिए और धनीराम बारसे ने कोंटा विधानसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
छत्तीगसढ़ में 90 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 11 नवंबर को 18 विधानसभा सीटों के लिए तथा दूसरे चरण में 19 नवंबर को 72 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। पहले चरण के लिए उम्मीदवार इस महीने की 25 तारीख तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 26 तारीख को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 28 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
राज्य में दूसरे चरण के मतदान के लिए उम्मीदवार 25 अक्टूबर से नामांकन दाखिल कर सकेंगे तथा नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि एक नवंबर होगी। दूसरे चरण के मतदान के लिए दो नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा चार नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आठ दिसंबर को मतगणना होगी।
छत्तीसगढ़ में एक करोड़ 67 लाख 97 हजार 368 मतदाता हैं। जिनमें से पुरुष मतदाताओं की संख्या 85 लाख 51 हजार 862 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 82 लाख 45 हजार 506 है।
राज्य में 21 हजार 418 मतदान केंद्र हैं तथा एक लाख से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी चुनाव कार्य में भाग ले रहे हैं। राज्य में 99 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं का फोटो पहचान पत्र बना लिया गया है। (भाषा)

