1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023
  4. chhattisgarh bjp new cm name announce today

छत्तीसगढ़ में आज खत्म हो सकता है CM के नाम पर सस्पेंस

Chhattisgarh
Chhattisgarh CM : छत्तीसगढ़ में आज नए मुख्यमंत्री के नाम का सस्पेंस खत्म हो सकता है। आज रायपुर में दोपहर 2 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक होने जा रही है। बैठक में भाजपा के सभी विधायक और तीनों पर्यवेक्षक अर्जुन मुंडा, दुष्यंत गौतम और सर्वानंद सोनेवाल मौजूद रहेंगे।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर भी बैठक में शामिल होंगे। बैठक में नए सीएम के नाम पर चर्चा होगी। इसके बाद मीटिंग में तय हुए नामों पर केंद्रीय नेतृ्त्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुहर लगाएंगे।
 
पिछले महीने छत्तीसगढ़ में हुए चुनाव में बीजेपी को राज्य की 90 सीटों में से 54 सीटें मिलीं जबकि कांग्रेस को सिर्फ 35 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था। देखना होगा कि छत्तीसगढ़ में पुराना ही चेहरा सीएम बनता है या फिर प्रदेश को चौथा सीएम मिलेगा। 
  
ओबीसी या आदिवासी : राज्य में लगातार 3 बार मुख्यमंत्री रहने वाले रमन सिंह को इस बार पार्टी मुख्यमंत्री नहीं बनाने जा रही है। वे लगातार 15 साल (2003 से लेकर 2018) तक मुख्यमंत्री रहे थे। मीडिया खबरों के मुताबिक पार्टी का मूड इस बार किसी ओबीसी या आदिवासी मुख्यमंत्री चुनने का है। 
 
कौन-कौन हैं रेस में : पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव भी सीएम पद के दावेदारों में हैं और उन्होंने हाल ही में विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है। वे ओबीसी समाज से आते हैं। साव राज्य में अहम माने जाने वाले साहू (तेली) समुदाय नाता रखते हैं। प्रदेश में करीब 45 प्रतिशत ओबीसी बिरादरी रहती है। 
 
आदिवासी समुदाय से नाता रखने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णु देव साय और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह की तरह रामविचार नेताम और गोमती साय सीएम पद के लिए दावेदारों में शामिल हैं।
अगला लेख
शिवराज सिंह ने कहा- सभी को राम राम... क्‍या वे समझ गए हैं?