टॉक्सिक रिलीज से पहले यश ने रुक्मिणी वसंत को लेकर कह दी बड़ी बात, 45 हजार फैंस रहे गवाह
टॉक्सिक रिलीज से पहले यश ने रुक्मिणी वसंत को लेकर कह दी बड़ी बात, 45 हजार फैंस रहे गवाह
हैदराबाद में फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स के प्री-रिलीज इवेंट में उस वक्त माहौल खास हो गया, जब रॉकिंग स्टार यश ने अपनी को-स्टार रुक्मिणी वसंत की खुलकर तारीफ की। हजारों फैंस की मौजूदगी में यश ने रुक्मिणी के काम, उनकी प्रतिभा और अलग-अलग इंडस्ट्री में बनाई पहचान को लेकर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि एक कन्नड़ लड़की का हर इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाना बेहद गर्व की बात है।
यश ने कहा- रुक्मिणी, तुम पर बहुत गर्व है
रुक्मिणी वसंत की तारीफ करते हुए यश ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं। मुझे बहुत गर्व है कि वह इतनी बड़ी फिल्मों का हिस्सा रही हैं। वह शानदार प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं। मुझे गर्व है कि वह एक कन्नड़ लड़की हैं और एक कन्नड़ लड़की हर इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रही है। रुक्मिणी, मुझे तुम पर बहुत गर्व है। तुम एक शानदार अभिनेत्री हो और बहुत समझदार भी हो, जिसका एहसास मुझे तुम्हारे साथ काम करने के बाद हुआ।”
यश के इन शब्दों ने रुक्मिणी के लिए यह पल और भी खास बना दिया। एक तरफ जहां अभिनेत्री लगातार अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के जरिए अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं, वहीं उनके को-स्टार की यह सार्वजनिक तारीफ उनके बढ़ते सफर की बड़ी झलक देती है।
टॉक्सिक में दमदार अंदाज में दिखेंगी रुक्मिणी
टॉक्सिक में रुक्मिणी वसंत मेलिसा का किरदार निभा रही हैं। फिल्म की दुनिया में उनका किरदार मजबूत और प्रभावशाली नजर आने वाला है। यश के साथ काम करने के दौरान उनके अभिनय और समझ की तारीफ अब फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट में भी खुलकर सामने आई।
45 हजार से ज्यादा फैंस ने बनाया माहौल
हैदराबाद में आयोजित टॉक्सिक के प्री-रिलीज इवेंट में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 45,000 से ज्यादा फैंस अपने पसंदीदा सितारों और फिल्म को सपोर्ट करने पहुंचे। यश की लोकप्रियता और फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता ने पूरे इवेंट को खास बना दिया।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी नजर आएंगी। फिल्म 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

