टाइगर श्रॉफ हीरोपंती 2 में करेंगे जासूसी, स्टाइलिश एक्शन से होगी भरपूर
लॉकडाउन के दौरान टाइगर श्रॉफ न केवल अपनी फिटनेस पर काम करते रहे बल्कि कई फिल्मों की तैयारी भी वे कर रहे हैं। उनकी फिल्म गणपत की शूटिंग जल्दी ही शुरू होने वाली है जिसमें वे बॉक्सर का रोल अदा कर रहे हैं। साथ ही मुंबइया भाषा बोलते नजर आएंगे जिसके लिए भी वे क्लास ले रहे हैं।
दूसरी ओर उनको लेकर साजिद नाडियाडवाला हीरोपंती 2 भी बनाने जा रहे हैं। गौरतलब है कि टाइगर की पहली फिल्म का नाम हीरोपंती था जो कि बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। उसके बाद टाइगर लगातार आगे बढ़ते जा रहे हैं। साजिद अपनी इस हिट फिल्म का अब सीक्वल बनाने जा रहे हैं।
हीरोपंती 2 की स्क्रिप्ट लिखने के लिए रजत अरोरा को अनुबंधित किया गया है। मसाला फिल्म लिखने में रजत माहिर हैं। किक, डर्टी पिक्चर, वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई जैसी सफल फिल्में रजत की कलम से ही निकली हैं। वे हीरोपंती टाइगर की इमेज को ध्यान में रख कर तो लिख ही रहे हैं साथ ही टाइगर को ऐसे किरदार के रूप में पेश करने जा रहे हैं जो पहले कभी नहीं देखा गया है।

