1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. the india story slow poison in progress cbfc approval july 24 release

CBFC की मंजूरी का इंतजार कर रही 'द इंडिया स्टोरी', क्या 'सतलुज' विवाद का पड़ेगा असर?

The India Story Slow Poison in Progress
दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 से हटाए जाने के बाद सामाजिक और संवेदनशील विषयों पर बनी फिल्मों के भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच एक और विचारोत्तेजक फिल्म अब दर्शकों तक पहुंचने से पहले अपनी राह देख रही है।
 
'द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइज़न इन प्रोग्रेस', जिसमें काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं, अपनी निर्धारित 24 जुलाई 2026 की वैश्विक सिनेमाघर रिलीज़ से पहले सेंसर बोर्ड (सीबीएफसी) की मंजूरी का इंतज़ार कर रही है।
यह फिल्म आज के समय के एक बेहद गंभीर लेकिन अक्सर अनदेखे मुद्दे, खेती में कीटनाशकों के बढ़ते इस्तेमाल और उनके मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभाव को केंद्र में रखती है। वर्षों के शोध पर आधारित यह फिल्म हमारी थाली तक पहुंचने वाले भोजन के पीछे छिपे खतरों को उजागर करती है और दर्शकों को ऐसे मुद्दे पर सोचने के लिए प्रेरित करती है, जो करोड़ों लोगों के जीवन को प्रभावित करता है।
 
फिल्म का टीज़र अपने साहसिक और विचारोत्तेजक विषय के कारण पहले ही काफी चर्चा बटोर चुका है। हालांकि, अभी तक सीबीएफसी से प्रमाणन नहीं मिलने के कारण इसकी रिलीज़ को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
 
इस पूरे मामले पर फिल्म के निर्देशक चेतन डीके ने कहा, यह उन फिल्मों के लिए कठिन समय है, जो असहज सच्चाइयों को सामने लाने का साहस करती हैं। 'सतलुज' का ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटना और अब 'द इंडिया स्टोरी' का सीबीएफसी की मंजूरी का इंतज़ार करना, एक फिल्मकार के तौर पर बेहद दुखद है। 
 
उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य कभी विवाद खड़ा करना नहीं रहा, बल्कि सिनेमा के माध्यम से एक महत्वपूर्ण मुद्दे को लोगों तक पहुंचाना है। वर्षों की रिसर्च और मेहनत के बाद हमारी बस यही इच्छा है कि फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने का अवसर मिले। हमें उम्मीद है कि 'द इंडिया स्टोरी' को जल्द ही मंजूरी मिलेगी, ताकि लोग इसे देख सकें और अपनी राय स्वयं बना सकें।
ज़ी स्टूडियोज़ और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन चेत्तन डीके ने किया है। फिल्म की कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। इसके सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैदाने, अनिता जाधव, विनायक सैदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराते और प्रेम जोशी शामिल हैं।
 
वास्तविक घटनाओं और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित फिल्मों को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच द इंडिया स्टोरी सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े इस अहम मुद्दे को सिनेमा के माध्यम से राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बनाने का प्रयास करती है। 'द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइज़न इन प्रोग्रेस' 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है, हालांकि इसकी रिलीज़ सीबीएफसी प्रमाणन पर निर्भर करती है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें