अमिताभ बच्चन ने किराए पर दी करोड़ों की प्रॉपर्टी, हर महीने मिलेगा इतना किराया
बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन केवल सिल्वर स्क्रीन पर ही नहीं, बल्कि बिजनेस और रियल एस्टेट की दुनिया में भी अपने फैसलों से सभी को हैरान कर रहे हैं। हालिया संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों से सामने आई जानकारी के अनुसार, अमिताभ बच्चन ने मुंबई के पॉश इलाके अंधेरी वेस्ट स्थित अपनी एक कमर्शियल प्रॉपर्टी को किराये पर दिया है।
इस नई डील के तहत बिग बी ने न्यूट्रिशन ब्रांड 'ट्रूनेटिव एफएंडबी प्राइवेट लिमिटेड' को अपनी प्रॉपर्टी की तीन मंजिलें लीज पर दी हैं। इस लीज एग्रीमेंट के तहत उन्हें हर महीने 33 लाख रुपये का किराया मिलेगा।
Zapkey द्वारा एक्सेस किए गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डॉक्युमेंट्स के मुताबिक, यह प्रॉपर्टी अंधेरी वेस्ट के ओशिवारा, लिंक रोड पर स्थित 'सिग्नेचर' बिल्डिंग में है। यह लीज बिल्डिंग की तीन ऊपरी मंजिलों के लिए हुई है, जिसका कुल कारपेट एरिया लगभग 8,428 वर्ग फीट है।
लीज एग्रीमेंट की अवधि 5 साल तय की गई है, जो 15 अगस्त 2026 से प्रभावी हो गई है। 5 वर्षों की इस पूरी अवधि के दौरान किराये का कुल आउटगो लगभग 21.88 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। एग्रीमेंट के अनुसार, किराये में हर साल 5% की बढ़ोतरी होगी। कंपनी ने सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में 1.98 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। इसके अलावा, लीज में कंपनी को 9 गाड़ियों की पार्किंग का अधिकार भी मिला है।
कमर्शियल प्रॉपर्टीज से आ रहा तगड़ा रेंटल इनकम
यह पहला मौका नहीं है जब अमिताभ बच्चन ने मुंबई में कमर्शियल प्रॉपर्टी से इतना बड़ा दांव खेला हो। उनका रियल एस्टेट पोर्टफोलियो लगातार मजबूत हो रहा है। इससे पहले 2023 में, उन्होंने मुंबई की 'लोटस सिग्नेचर' बिल्डिंग में चार ऑफिस यूनिट्स 'वार्नर म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड' को लीज पर दी थीं। उस डील में 17.30 लाख रुपये प्रति माह का किराया तय हुआ था, जिसकी शुरुआत मार्च 2024 में हुई थी और उसमें 12 कार पार्किंग स्पेस शामिल थे।
अयोध्या में भी बिग बी का बड़ा निवेश
मुंबई के अलावा अमिताभ बच्चन का ध्यान धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के रूप में उभर रहे अयोध्या पर भी है। उन्होंने अयोध्या में जमीन के कई बड़े टुकड़े खरीदे हैं।

