1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. Sunny Deol, Arjun Kapoor, Namaste England, Bhaiyyaji Superhit

सनी देओल और अर्जुन कपूर की होगी बॉक्स ऑफिस पर टक्कर

सनी देओल
19 अक्टोबर का सनी देओल का जन्मदिन है और इसी दिन उनकी वर्षों से अटकी फिल्म 'भैय्याजी सुपरहिट' रिलीज होने जा रही है। शायद निर्माता सनी के जन्मदिन का फायदा उठाना चाहते हैं कि इसी बहाने उनके कुछ फैंस सनी की फिल्म का टिकट खरीद लें। यह फिल्म रूक-रूक कर बनती रही। कई बार रिलीज डेट अनाउंस हुई और फिल्म आगे खिसकी। उम्मीद है कि अब यह फिल्म रिलीज हो ही जाएगी। 
 
इसी दिन अर्जुन कपूर और परिणति चोपड़ा की 'नमस्ते इंग्लैंड' रिलीज होगी। यह अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ की हिट फिल्म 'नमस्ते लंदन' का सीक्वल है। पहले यह फिल्म दिसम्बर में रिलीज होने वाली थी, लेकिन दिसम्बर में कई बड़े सितारों की फिल्में प्रदर्शित हो रही हैं इसलिए इसे 19 अक्टोबर को ही रिलीज किया जा रहा है। 
 
यह दशहरा वाला वीक है और इसी का फायदा दोनों फिल्म के निर्माता उठाना चाहते हैं। हालांकि अभी दोनों ही फिल्मों के सितारों में बहुत दम नहीं है। सनी देओल, प्रीति जिंटा जैसे स्टार्स का स्टारडम अब पहले जैसा नहीं रह गया है। उनकी चमक फीकी पड़ गई है। सनी की पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छी ओपनिंग भी नहीं ले पाई। 
 
दूसरी ओर अर्जुन कपूर अभी बड़े सितारे नहीं बने हैं। उनके समकालीन अभिनेता वरुण धवन, रणवीर सिंह या रणबीर कपूर आगे निकल गए हैं। इसलिए 'नमस्ते इंग्लैंड' और 'भैय्याजी सुपरहिट' में टक्कर जैसी बात नहीं है। 
 
दोनों फिल्में एक-दूसरे को बहुत नुकसान नहीं पहुंचा पाएगी। जिसको जो फिल्म देखना है वो देखेगा। दोनों के दर्शक वर्ग बिलकुल अलग हैं। वैसे भी सनी और अर्जुन दोनों को इस समय एक हिट की सख्त जरूरत है। 
अगला लेख
'स्त्री' देखकर मर्द को दर्द होगा : श्रद्धा कपूर