• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. Orry and 7 others booked for consuming alcohol near Vaishno Devi shrine
Last Modified: सोमवार, 17 मार्च 2025 (12:25 IST)

वैष्णो देवी दर्शन करने पहुंचे ओरी ने किया दोस्तों संग कांड, दर्ज हुई एफआईआर

वैष्णो देवी दर्शन करने पहुंचे ओरी ने किया दोस्तों संग कांड, दर्ज हुई एफआईआर - Orry and 7 others booked for consuming alcohol near Vaishno Devi shrine
बॉलीवुड सेलेब्स के फेवेरेट और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ओरी उर्फ ओरहान अवत्रामणि अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। वह बी-टाउन की पार्टियों में बड़े-बड़े स्टार्स के साथ पोज देते नजर आते हैं। ओरी का चुलबुला अंदाज हर किसी को पसंद आता है। लेकिन इस बार ओरी मुश्किलों में फंस गए हैं। 
 
ओरी पर माता वैष्णो देवी तीर्थ यात्रा के बेस कैंप कटरा के एक होटल में शराब पीने का आरोप लगा है। ओरी सहित 8 लोगों के खिलाफ कटरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। इनमें एक रूसी नागरिक अनास्तासिला अर्ज़ामास्कीना भी शामिल है, जो ओरी के साथ कटरा आई थीं।
 
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में ओरी, दर्शन सिंह, पार्थ रैना, रितिक सिंह, राशि दत्ता, रक्षिता भोगल, शगुन कोहली और अनास्तासिला अर्ज़ामास्कीना के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
 
खबरों के अनुसार ओरी और उनके दोस्तों को बताया गया था कि कॉटेज सुइट इलाके में शराब और मांसाहारी खाने की इजाजत नहीं हैं। दिव्य माता वैष्णो देवी तीर्थ स्थान पर ऐसा करना सख्त मना है। इसके बावजूद ओरी और उनके दोस्त अपने होटल के अंदर शराब पीते पाए गए। 
 
पुलिस ने कहा, मामले की जांच के लिए एसपी कटरा, डीएसपी कटरा और एसएचओ कटरा की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। ओरी सहित सभी आरोपियों को नोटिस भेजे जाएंगे, जिसमें उन्हें जांच में शामिल होने का निर्देश दिया जाएगा। 
 
बता दें कि कटरा में शराब बेचना, रखना और पीना सख्त मना है। 15 मार्च को ओरी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक होटल में अपने दोस्तों संग पार्टी करने नजर आ रहे थे।