बहन के साथ कृति सेनन मनाती हैं राखी का त्योहार
रक्षा बंधन करीब आ चुका है और भाई-बहन इसे मनाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। कृति सेनन भी इसमें पीछे नहीं हैं। हालांकि कृति के कोई सगे भाई नहीं हैं परंतु इस त्योहार पर वह अपनी बहन नुपूर सेनन से मिलने का प्लान बना चुकी हैं।
सूत्रों के अनुसार दोनों बहनें रक्षाबंधन वैसी ही मनाती हैं जैसे कोई भाई-बहन मनाता है। वे दोनों एक दूसरे को राखी बांधती हैं और अपने परिवार के साथ दिन बिताती हैं। इस बार प्लान में थोड़ा बदलाव किया गया है। चूंकि कृति, रोहित शेट्टी निर्देशित 'दिलवाले' की शूटिंग में व्यस्त हैं इसलिए वह अपने घर दिल्ली नहीं जा पाएंगी। इसलिए उनकी बहन नुपूर इस बार मुंबई आकर कृति के साथ रक्षाबंधन मनाएंगी।
कृति कहती हैं, "हां मेरी बहन रक्षाबंधन पर यहां होगी। यह दिन सिर्फ भाई-बहन का त्योहार नहीं है जिसमें भाई को बहन की सुरक्षा का वचन देना होता है। दो बहनें भी आपस में यह वादा कर सकते हैं जैसे मेरी बहन और मैं बचपन से करते आ रहे हैं।"