आलिया भट्ट प्रेग्नेंसी : नाना बनने की खुशी में झूमे करण जौहर, बोलें- मेरी बच्ची अब मां बनने वाली हैं... | karan johar reacts to alia bhatt pregnancy
कपूर खानदान में जल्द ही नया मेहमान आने वाला है। आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की है। इस खबर के सामने आने के बाद से ही फैंस और सेलेब्स रणबीर कपूर और आलिया भट्ट को बधाई दे रहे हैं।
करण जौहर भी नाना बनने की खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। बता दें कि करण आलिया भट्ट को अपनी बेटी की तरह मानते हैं। करण जौहर ने अपनी इंस्टा स्टोरी में आलिया और रणबीर की एक तस्वीर शेयर की है।
इसके साथ उन्होंने लिखा, 'इनके लिए ढ़ेर सारा प्यार! मेरी बच्ची अब मां बनने वाली हैं। मैं अपनी भावनाएं व्यक्त नहीं कर पा रहा हूं। बेहद एक्साइटेड हूं। दोनों को ढ़ेर सारा प्यार।'
आलिया भट्ट की प्रेग्नेंसी पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। आलिया ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें शेयर की हैं। एक तस्वीर में वह हॉस्पिटल बेड पर लेटी हुई नजर आ रही हैं। उनकी सोनोग्राफी हो रही है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा, 'हमारा बच्चा जल्द आ रहा है।'
बता दें कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर करीब 5 साल एक-दूसरे को डेट करने के बाद इस साल 14 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों ने अपने परिवार और खास दोस्तों की मौजूदगी में सादगी से शादी रचाई थी। यह कपल जल्द ही फिल्म ब्रह्मास्त्र में साथ नजर आने वाला है।

