1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. hrithik roshan wants dark roles like zaffar instagram post viral

'गुड बॉय' इमेज से बाहर निकलना चाहते हैं रितिक रोशन, सोशल मीडिया पर मांगा 'ग्रे शेड' रोल

Hrithik Roshan dark roles
बॉलीवुड के 'ग्रीक गॉड' कहे जाने वाले रितिक रोशन की दुनियाभर में जबरदस्त फैन फॉलोइंग हैं। पिछले ढाई दशकों से हिंदी सिनेमा में एक आदर्श नायक, देशभक्त और सीधे-साधे 'गुड बॉय' की भूमिकाएं निभाने के बाद, अब रितिक रोशन कुछ डार्क और जटिल किरदारों की तलाश में है। 
 
रितिक ने खुद सोशल मीडिया पर खुलकर इस बात का इजहार किया है कि वे पारंपरिक हीरो के सांचे से बाहर निकलना चाहते हैं। हाल ही में रितिक रोशन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर पेरिस से अपनी एक बेहद खूबसूरत नाइट-सेल्फी साझा की। 
इस तस्वीर के बैकग्राउंड में रोशनी से नहाया हुआ एफिल टावर साफ नजर आ रहा है। ब्लैक कैप, डार्क जैकेट और मफलर पहने रितिक ने इस फोटो के साथ एक ऐसा कैप्शन लिखा जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री का ध्यान खींच लिया है।
 
रितिक ने लिखा, मुझसे अभी पूछा गया कि मैं किस तरह का रोल करना चाहता हूं। जब इसका जवाब मेरे दिमाग में आया, तो मैं खुद भी हैरान रह गया। क्या आपको फिल्म 'लक बाय चांस' का जफ्फर याद है? मुझे वैसा ही रोल चाहिए। मैं इस तरह के किसी भी प्रोजेक्ट को तुरंत लपक लूंगा। लेकिन दुख की बात है कि डायरेक्टर्स मुझे सिर्फ 'अच्छे इंसान' के रोल में ही देखना चाहते हैं। सैड।
 
क्या था 'जफ्फर' का वो यादगार किरदार?
रितिक रोशन जिस 'जफ्फर' की बात कर रहे हैं, वह साल 2009 में आई जोया अख्तर की निर्देशित पहली फिल्म 'लक बाय चांस' का एक बेहद खास हिस्सा था। इस फिल्म में रितिक का सिर्फ एक एक्सटेंडेड कैमियो था। फिल्म में उन्होंने 'जफ्फर खान' नाम के एक ऐसे सुपरस्टार का रोल प्ले किया था जो ऊपर से बेहद आकर्षक और हंसमुख दिखता है, लेकिन असल जिंदगी में वह बेहद मतलबी, असुरक्षित और मौकापरस्त है।
 
रितिक की इस पोस्ट पर बॉलीवुड गलियारे से तुरंत प्रतिक्रियाएं आने लगीं। निर्देशक जोया अख्तर ने कमेंट किया, 'चलो, कॉफी पर मिलते हैं।' जोया के इस कमेंट के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या दोनों जल्द ही किसी नए डार्क प्रोजेक्ट के लिए साथ आ सकते हैं। वहीं डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने भी लिखा, 'चलो फिर!' 
पहले भी ग्रे शेड्स में कर चुके हैं कमाल 
ऐसा नहीं है कि रितिक ने कभी निगेटिव किरदार नहीं निभाए। जब भी उन्हें मौका मिला, उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया है। धूम 2 में रितिक ने एक ऐसा हाई-टेक चोर का किरदार निभाया जो बेहद शातिर, बेपरवाह और स्टाइलिश था। लोगों को पुलिस से ज्यादा इस चोर से प्यार हो गया था।
 
अग्निपथ में रितिक ने एक प्रतिशोधी और क्रूर युवक का किरदार निभाया, जिसमें पारंपरिक हीरो वाली कोई मिठास नहीं थी। फिल्म विक्रम वेधा में एक सनकी, खूंखार लेकिन तेज दिमाग गैंगस्टर, जो पुलिस अधिकारी के साथ दिमागी खेल खेलता है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
टीवी से OTT तक छाए अमित साध, बर्थडे पर देखें उनकी टॉप 5 परफॉर्मेंस