1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. death anniversary irrfan khan last audio message

death anniversary irrfan khan last audio message

Irrfan Khan
Irrfan Khan death anniversary:  बेहतरीन अदाकारी और खामोश आंखों से फैंस का दिल जीतने वाले अभिनेता इरफान खान की आज चौथी पुण्यतिथि है। इरफान खान का 29 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था।
 
अपनी एक्टिंग से बॉलीवुड में खास मुकाम बनाने वाले इरफान खान की थिएटर में रिलीज अंतिम फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' थी। निधन के बाद इरफान खान का आखिरी मैसेज भी सामने आया था। ये मैसेज इरफान खान ने पर्दे पर अपने कमबैक को लेकर दिया था। 
 
निधन से पहले लगभग एक साल तक पर्दे से गायब रहने पर फैंस को इरफान का बेसब्री से इंतजार था। ऐसे में उन्होंने अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए एक ऑडियो मैसेज जारी किया था। 
 
अपने आखिरी ऑडियो मैसेज में इरफान ने कहा था, हेलो भाइयो-बहनों मैं इरफान। मैं आज आपके साथ हूं भी और नहीं भी। खैर, ये फिल्म अंग्रेजी मीडियम मेरे लिए बहुत खास है। सच यकीन मानिए मेरी दिली ख्वाहिश थी कि इस फिल्म को उतने ही प्यार से प्रमोट करूं, जितने प्यार से हमने इसे बनाया है।
 
उन्होंने कहा था, लेकिन मेरे शरीर के अन्दर कुछ अनवॉन्टेड मेहमान बैठे हुए हैं, उनसे वार्तालाप चल रहा है। देखते हैं किस करवट ऊंट बैठता है। जैसा भी होगा आपको इत्तेला कर दी जाएगी। कहावत है जब जिंदगी आपको नींबू दे तो आप उसके रस का शिकंजी बना लें। बोलने में अच्छा लगता है, पर जिंदगी जब आपके हाथ में सच में नींबू थमाती है न तो शिकंजी बनाना मुश्किल हो जाता है। 
लेकिन आपके पास और चॉइस भी क्या है पॉजिटिव रहने के अलावा। इन हालात में नींबू की शिकंजी बना पाते हैं कि नहीं बना पाते हैं ये आप पर है। हम सब ने इस फिल्म को उसी पॉजिटिविटी के साथ बनाया है। मुझे उम्मीद है कि ये फिल्म आपको सिखाएगी, हंसाएगी, रुलाएगी, फिर हंसाएगी शायद। ट्रेलर को एन्जॉय करें और एक दूसरे के प्रति दयालु भाव रखें और फिल्म देखें। और हां, मेरा इंतजार करना। 
 
बता दें कि इरफान खान अपनी बीमारी की वजह से फिल्म अंग्रेजी मीडियम का प्रमोशन नहीं कर पाए थे। इसी के लिए उन्होंने इस मैसेज को फैंस के लिए रिकॉर्ड किया था। इसके अलावा बॉलीवुड की कई हस्तियों ने इरफान की इस फिल्म का प्रमोशन सोशल मीडिया पर किया था। 
 
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता इरफान खान ने ‘लाइफ ऑफ पाई', ‘द नेमसेक' और ‘हासिल' जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभा अपने अभिनय से लोगों का दिल जीता। अभिनेता 2018 में बीमार होने के बाद इलाज के लिए विदेश चले गए थे। 2020 में उन्होंने ‘अंग्रेजी मीडियम' से बड़े पर्दे पर वापसी की थी।
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
9 साल बाद पर्दे पर कमबैक करेंगे इमरान खान, गोवा में शुरू हुई फिल्म हैप्पी पटेल की शूटिंग