शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. amol parashar to play the role of bhagat singh in vicky kaushals sardar udham singh
Written By
Last Modified: बुधवार, 27 जनवरी 2021 (10:52 IST)

विक्की कौशल की 'सरदार उधम सिंह' में यह एक्टर निभाएगा भगत सिंह का किरदार

विक्की कौशल की 'सरदार उधम सिंह' में यह एक्टर निभाएगा भगत सिंह का किरदार - amol parashar to play the role of bhagat singh in vicky kaushals sardar udham singh
बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल की अपकमिंग फिल्म 'सरदार उधम सिंह' पिछले साल से ही चर्चा में बनी हुई है। यह फिल्म भारत के क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह की बायोपिक है जिन्होंने ब्रिटेन में जाकर लंदन में अंग्रेज अफसर माइकल ओडायर की हत्या कर दी थी।

 
खबरों के मुताबिक, इस फिल्म में भगत सिंह का किरदार अभिनेता अमोल पाराशर निभा सकते हैं। कई वेब सीरीज में अभिनय कर चुके अमोल को पहली बार किसी फिल्म के लिए बड़ी भूमिका मिल सकती है। निर्देशक शूजित सरकार इस बायोपिक में एक अलग तरह के भगत सिंह को पर्दे पर दिखाने जा रहे हैं। 
 
इसके लिए शूजित ने अभिनेता अमोल को भगत सिंह के साहित्य के बारे में कुछ पढ़ने के लिए दिया था। इसमें कुछ चीजें ऐसी भी थीं, जिन्हें भगत सिंह ने खुद लिखा था। इस फिल्म में भगत सिंह को एक समझदार और बुद्धिमान क्रांतिकारी के रूप में पर्दे पर दिखाया जाएगा।
 
अभिनेता अमोल पाराशर कई वेब सीरीज में अभिनय कर चुके हैं। वह वेब सीरीज 'ट्रिपलिंग' में अपने किरदार से फेमस हुए थे। फिल्मों की बात करें तो वह अभी तक 'रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द इयर' और 'डॉली किट्टी और वो' में दिख चुके हैं। अमोल ने साल 2009 में फिल्म 'रॉकेट सिंह: सेल्स मैन ऑफ द इयर' से अपने करियर की शुरुआत की थी।
 
बता दें कि सरदार उधम सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शहीद उधम सिंह ने ब्रिटेन में जाकर लंदन में अंग्रेज अधिकारी माइकल ओडायर की हत्या की थी। बताया जाता है कि उधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेने के लिए अंग्रेज अधिकारी की सुनियोजित हत्या की थी। 1940 में उन्हें माइकल ओडायर की हत्या के आरोप में फांसी की सजा दे दी गई थी।
 
बायोपिक 'सरदार उधम सिंह' के बारे में बताते हुए निर्देशक शूजित ने कहा था, मैंने इस घटना को इसलिए चुना, क्योंकि यह स्वतंत्रता आंदोलन के सबसे महत्वपूर्ण क्रांतिकारी योगदानों में से एक है, जिस पर पीढ़ियों से किसी का ध्यान नहीं गया। उधम का संघर्ष और बलिदान आज के दर्शकों के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण कहानी होगी।
 
सरदार उधम सिंह पर आधारित यह बायोपिक इसी साल सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। इससे पहले यह फिल्‍म पिछले साल 2 अक्‍टूबर यानी गांधी जयंती के मौके पर रिलीज होनी थी। उसके बाद 15 जनवरी, 2021 को रिलीज डेट निर्धारित की गई थी, लेकिन कोरोनावायरस महामारी के कारण फिल्म की रिलीज टाल दी गई थी।
ये भी पढ़ें
क्या साइना नेहवाल की बायोपिक भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर होगी रिलीज?