गुरुवार, 16 अप्रैल 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फोकस
  4. ajay-devgn-birthday-special-25-interesting-facts-unknown-stories-life-career

शाहरुख से विवाद, दो बाइक पर स्टंट और नेशनल अवॉर्ड: अजय देवगन के वो राज जो उनके कट्टर फैंस भी नहीं जानते

अजय देवगन के 25 अनसुने किस्से: कॉलेज की 'विशाल गैंग' से लेकर शाहरुख खान से तकरार तक, सिंघम की लाइफ के वो राज जो फैंस नहीं जानते
बॉलीवुड के 'सिंघम' यानी अजय देवगन 2 अप्रैल को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। अपनी पहली ही फिल्म ‘फूल और कांटे’ से बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने वाले अजय ने एक लंबी और सफल पारी खेलकर साबित कर दिया है कि अभिनय सिर्फ शक्ल-सूरत का मोहताज नहीं, बल्कि आंखों की गहराई और टैलेंट का खेल है। आइये जानते हैं उनके बारे में 25 बेहद दिलचस्प और अनसुनी बातें:
 
  1. घरेलू नाम और पढ़ाई: अजय देवगन का निकनेम 'राजू' है और फिल्मी दुनिया में आने से पहले उन्होंने बी.कॉम. की डिग्री हासिल की थी।
  2. महेश भट्ट की पारखी नजर: अजय को लॉन्च करने से पहले उनके पिता वीरू देवगन उन्हें महेश भट्ट के पास ले गए थे। भट्ट साहब ने अजय को देखते ही कहा था कि "इस लड़के की आंखें अपने भीतर बहुत कुछ छुपाए हुए हैं," जिसने वीरू जी का हौसला बढ़ा दिया।
  3. अमिताभ बच्चन का 'डार्क हॉर्स': शुरुआत में अजय की लुक को लेकर काफी आलोचना हुई थी, लेकिन सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने उन्हें ‘डार्क हॉर्स’ कहा था और अजय उस भरोसे पर सौ फीसदी खरे उतरे।
  4. यश चोपड़ा से सीधा मुकाबला: अजय की पहली फिल्म ‘फूल और कांटे’ दिग्गज निर्देशक यश चोपड़ा की फिल्म ‘लम्हें’ के साथ रिलीज हुई थी। भारी सितारों के बावजूद अजय की फिल्म ने न सिर्फ टक्कर दी, बल्कि सुपरहिट साबित हुई।
  5. विशाल गैंग का टशन: अजय का असली नाम 'विशाल' है। कॉलेज के दिनों में तीन गैंग मशहूर थीं— विंदू दारा सिंह की ‘विंदू गैंग’, बॉबी देओल की ‘बॉबी गैंग’ और अजय की ‘विशाल गैंग’।
  6. इंटरव्यू से दूरी: अजय देवगन स्वभाव से अंतर्मुखी हैं और उन्हें बहुत लंबे इंटरव्यू देना जरा भी पसंद नहीं है।
  7. डांस का डर: पर्दे पर धाकड़ एक्शन करने वाले अजय को अगर नाच-गाने के लिए कहा जाए, तो उनके आज भी पसीने छूट जाते हैं।
  8. आध्यात्मिक झुकाव: अजय का पूरा परिवार मां दुर्गा का अनन्य उपासक है। साथ ही, वे हर साल अजमेर शरीफ की दरगाह पर चादर चढ़ाने भी जरूर जाते हैं।
  9. मां से किया वादा: खतरनाक स्टंट के उस्ताद होने के बावजूद, अपनी मां की चिंता को देखते हुए अजय ने उनसे वादा किया है कि वे कभी जोखिम भरा स्टंट बिना सावधानी के नहीं करेंगे।
  10. एक्शन से 'जख्म' तक का सफर: शुरुआती करियर में अजय को सिर्फ 'एक्शन हीरो' माना जाता था, लेकिन महेश भट्ट की फिल्म ‘जख्म’ ने उनकी इमेज बदल दी और वे एक गंभीर अभिनेता के रूप में स्थापित हुए।
  11. करन-अर्जुन का वो विवाद: इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के लिए पहले शाहरुख और अजय चुने गए थे, लेकिन रोल की अदला-बदली को लेकर बात नहीं बनी। अजय के फिल्म छोड़ने के बाद सलमान खान की एंट्री हुई और तभी से शाहरुख-अजय के रिश्ते ठंडे पड़ गए।
  12. शाहरुख और सन ऑफ सरदार: अजय कहते हैं कि शाहरुख से उनकी कोई निजी दुश्मनी नहीं है, हालांकि ‘जब तक है जान’ और ‘सन ऑफ सरदार’ के क्लैश के वक्त तनाव जरूर बढ़ा था।
  13. रियल लाइफ से रील लाइफ स्टंट: दो मोटरसाइकिलों पर पैर रखकर एंट्री करने का मशहूर स्टंट अजय कॉलेज में अपने दोस्तों के साथ असल जिंदगी में किया करते थे।
  14. पार्टियों से परहेज: अजय बॉलीवुड की चमक-धमक वाली पार्टियों में कम ही दिखते हैं। वे काम खत्म होते ही सीधा अपने परिवार के पास घर जाना पसंद करते हैं।
  15. काजोल से मुलाकात: 'इश्क' और 'प्यार तो होना ही था' जैसी फिल्मों के दौरान अजय और काजोल करीब आए। शांत अजय और चुलबुली काजोल की जोड़ी 'अपोजिट अट्रैक्ट्स' का बेहतरीन उदाहरण है।
  16. दिलीप कुमार के साथ अधूरा सपना: अजय की दिली इच्छा दिलीप साहब के साथ काम करने की थी। उन्होंने ‘असर : द इम्पेक्ट’ नाम की फिल्म प्लान भी की थी, लेकिन वह कभी शुरू नहीं हो पाई।
  17. चाइल्ड आर्टिस्ट अजय: बहुत कम लोग जानते हैं कि अजय ने 1985 में फिल्म ‘प्यारी बहना’ में एक बाल कलाकार के तौर पर अभिनय किया था।
  18. डायरेक्टर की कुर्सी: अभिनय के अलावा अजय ने ‘यू मी और हम’ और ‘शिवाय’ जैसी बड़े बजट की फिल्मों का निर्देशन भी किया है।
  19. 100 करोड़ क्लब के किंग: अजय देवगन की गिनती उन चुनिंदा हीरोज में होती है जिनकी दर्जनों फिल्में सौ करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हैं।
  20. बच्चों के लिए प्यार: अजय को बच्चों से बहुत लगाव है, इसी कारण उन्होंने ‘राजू चाचा’ और ‘टूनपुर का सुपरहीरो’ जैसी फिल्में बनाईं, हालांकि ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं कर सकीं।
  21. पसंदीदा कलाकार: प्रकाश झा, राजकुमार संतोषी और रोहित शेट्टी जैसे दिग्गज निर्देशकों के अजय सबसे भरोसेमंद और पसंदीदा एक्टर रहे हैं।
  22. पक्की दोस्ती: फिल्म इंडस्ट्री में अजय देवगन, संजय दत्त और सलमान खान को अपना सबसे करीबी और सच्चा दोस्त मानते हैं।
  23. नेशनल अवॉर्ड का गौरव: जख्म (1998), द लीजेण्ड ऑफ भगत सिंह (2002) और तानाजी (2020) के लिए अजय देवगन को बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिल चुका है। तानाजी के लिए बतौर प्रोड्यूसर भी उन्हें नेशनल अवॉर्ड मिला। 
  24. भगत सिंह के लिए समर्पण: भगत सिंह का किरदार निभाने के लिए अजय ने न सिर्फ वजन घटाया, बल्कि उन पर लिखी कई किताबें भी पढ़ीं, जिसका उनके व्यक्तित्व पर गहरा असर पड़ा।
  25. फराह खान का वो कमेंट: एक समय फराह खान ने अजय को 'ओवररेटेड' कह दिया था, लेकिन बाद में उन्हीं के भाई साजिद खान ने अजय को लेकर फिल्म ‘हिम्मतवाला’ बनाई।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
ये भी पढ़ें
रामायणम् का भव्य आगाज़: रणबीर कपूर बने राम, पहली झलक ने इंटरनेट पर मचाया तूफान