Hanuman Chalisa
✕

ये प्रेम मोल लिया की शरवरी बोलीं- माता-पिता की जिम्मेदारी सिर्फ बेटों की क्यों?

Updated: मंगलवार, 24 नवंबर 2026 (15:33 IST)
ये प्रेम मोल लिया की शरवरी बोलीं- माता-पिता की जिम्मेदारी सिर्फ बेटों की क्यों?
शादी के बाद बेटियों की अपने माता-पिता के प्रति जिम्मेदारियां खत्म क्यों मान ली जाती हैं? अभिनेत्री शर्वरी वाघ की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' इसी सवाल को उठाती है। फिल्म में पूर्वा का किरदार निभा रहीं शर्वरी ने बातचीत में बेटियों की जिम्मेदारियों, बदलती पारिवारिक सोच, सूरज बड़जात्या के साथ काम करने और अपने परिवार से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए।
 
आपकी फिल्म 'मैंने प्रेम मोल लिया' में पूर्वा का किरदार एक ऐसी लड़की का है, जो अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए शादी करने से भी पीछे हटने को तैयार है। इस किरदार के बारे में कुछ बताइए।
पूर्वा मुंबई की एक लड़की है, जिसके घर में छह महिलाएं रहती हैं। उन सभी की जिम्मेदारी उसी पर है। बचपन से ही इन महिलाओं ने उसे पाल-पोसकर बड़ा किया है और आज वह जो कुछ भी है, उन्हीं की बदौलत है। इसलिए उनके प्रति अपनी जिम्मेदारी को वह बहुत गंभीरता से लेती है। चाहे बात उनकी सेहत की हो या आर्थिक जरूरतों की, वह हर मोर्चे पर उनके साथ खड़ी रहती है। पूर्वा अपने परिवार की इकलौती कमाने वाली सदस्य है और उसके लिए परिवार की जिम्मेदारियां सबसे ज्यादा मायने रखती हैं।
 
वह मानती है कि प्यार है तो सब ठीक है, लेकिन वह शादी नहीं कर सकती, क्योंकि अपने परिवार की जिम्मेदारियां छोड़ना उसके लिए संभव नहीं है। हमारा ट्रेलर भी इसी सोच को सामने रखता है।
 
मुझे लगता है कि हर लड़की कहीं न कहीं इस भावना से जुड़ाव महसूस करेगी। हम सभी के माता-पिता होते हैं। वे अपनी तनख्वाह में से पैसे निकालकर हमारी स्कूल की फीस भरते हैं, विश्वविद्यालय की पढ़ाई का खर्च उठाते हैं, हमें बड़ा करते हैं और इस काबिल बनाते हैं कि हम अपनी पहचान बना सकें। फिर शादी के बाद उनके प्रति हमारी जिम्मेदारियां कैसे खत्म हो जाती हैं? जब उन्हें स्वास्थ्य या आर्थिक मदद की जरूरत हो, तो हम उनके लिए क्यों नहीं खड़े हो सकते? यह जिम्मेदारी सिर्फ लड़के या बेटे ही क्यों निभाएं? मुझे लगता है कि हमारी फिल्म इन्हीं सवालों पर बातचीत शुरू करने की कोशिश करती है।
 
पूर्वा के किरदार की भावनाओं और उसकी जिम्मेदारियों को समझने के लिए आपने किस तरह तैयारी की?
एक लड़की होने के नाते, जो अपने परिवार के साथ रहती है और माता-पिता के बेहद करीब है, मैं इस भावना को अच्छी तरह समझती हूं। यह ऐसा विषय है, जो कहीं न कहीं हर किसी के मन में होता है। इसके लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं थी। बस किरदार के साथ एक भावनात्मक जुड़ाव होना जरूरी था। अगर आप संवेदनशील और भावुक इंसान हैं, तो वही इस किरदार की सबसे बड़ी तैयारी है।
 
फिल्म पितृसत्तात्मक सोच को चुनौती देती नजर आती है। बेटा ही माता-पिता की जिम्मेदारी क्यों निभाए, बेटी क्यों नहीं? क्या आपको लगता है कि ऐसी कहानियों से हमारा सामाजिक ढांचा भी बदल सकता है?
मुझे लगता है कि राजश्री पहली बार समाज के बनाए कुछ नियमों को इस तरह चुनौती देता नजर आ रहा है। हमने उनकी पिछली फिल्मों में परिवार और समाज की स्थापित परंपराओं को देखा है, लेकिन इस बार एक प्रगतिशील विषय को ऐसे बैनर के जरिए सामने लाया जा रहा है, जो परिवार की भावनाओं और संवेदनशीलता को समझता है।
 
रिश्ते तोड़ने में भले ही ज्यादा समय न लगे, लेकिन असली बात यह है कि आप असहमति और मतभेद के बावजूद सबको साथ रखते हुए अपनी बात कैसे सामने रखते हैं।
मुझे नहीं लगता कि हमारा सामाजिक ढांचा पूरी तरह बदलेगा, क्योंकि इसकी बुनियाद ही साथ रहने और परिवार के साथ जुड़े रहने पर है। हमारी फिल्म भी यही कहती है कि साथ रहना आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। लेकिन हम यह जरूर चाहते हैं कि लड़कियों के नजरिए को भी समझा जाए। अगर कोई लड़की शादी करके दूसरे घर जाती है या किसी दूसरे परिवार के साथ रहने लगती है, तो उसकी अपनी जिम्मेदारियां और भावनाएं भी होती हैं। उन्हें पहचानना और समझना जरूरी है।
 
सूरज बड़जात्या की फिल्मों में महिला किरदारों की एक खास सादगी देखने को मिलती है। पूर्वा के किरदार में वह सादगी और मजबूती लाने के लिए आपका नजरिया क्या रहा?
मेरा मानना है कि हर लड़की के व्यक्तित्व में कई अलग-अलग पहलू होते हैं। उसमें सादगी भी होती है और दृढ़ता भी। दुर्भाग्य से, जब हम कोई किरदार निभाते हैं, तो अक्सर उसका एक ही पहलू सामने आता है। दर्शक भी उसी छवि को स्वीकार कर लेते हैं और उन्हें लगता है कि उस इंसान के व्यक्तित्व में दूसरा पहलू है ही नहीं।
 
लेकिन जब महिलाएं किसी बात के लिए खड़ी होती हैं, तो उनका एक मजबूत और कभी-कभी आक्रामक रूप भी सामने आता है। वहीं, भावुक पलों में उनका संवेदनशील और कमजोर पक्ष भी दिखाई देता है। मुझे लगता है कि ये सभी पहलू हर महिला के भीतर होते हैं।
 
इस किरदार के लिए मुझे कोई अलग तैयारी नहीं करनी पड़ी। मैं हमेशा से पारिवारिक इंसान रही हूं और आज भी अपने परिवार के साथ रहती हूं। फिलहाल अकेले रहने का मेरा कोई इरादा नहीं है, क्योंकि मुझे अपने परिवार के साथ रहना बहुत पसंद है। उनके बिना मुझे अकेलापन महसूस होगा।
 
हमारे घर में गणपति का त्योहार बहुत खास तरीके से मनाया जाता है। हम अपने गांव जाते हैं, जहां पूरा परिवार और रिश्तेदार इकट्ठा होते हैं। साल में आप मेरे जन्मदिन पर भी मुझसे काम करवा सकते हैं, लेकिन गणपति के लिए मुझे तीन-चार दिन जरूर चाहिए।
 
मेरे लिए यह हर साल खुद को नए सिरे से तरोताजा करने जैसा है। ऐसा लगता है कि एक साल में जो कुछ अच्छा-बुरा हुआ, वह सब पीछे छूट जाता है और एक नई शुरुआत होती है। इसकी वजह सिर्फ मेरी श्रद्धा नहीं है, बल्कि परिवार के सभी लोगों का एक साथ होना भी है। जब पूरा परिवार इकट्ठा होता है, तो एक अलग ही सकारात्मकता और ऊर्जा महसूस होती है। मैं उस भावना से बहुत जुड़ाव महसूस करती हूं।
 
इसलिए पूर्वा के किरदार के लिए मुझे कोई अलग तैयारी नहीं करनी पड़ी। यह मेरे व्यक्तित्व का ही एक पहलू है, जो शायद अब तक मेरी फिल्मों में सामने नहीं आया था, लेकिन मेरे भीतर हमेशा से मौजूद रहा है।
 
राजश्री प्रोडक्शंस के साथ काम करना कई कलाकारों का सपना होता है। जब आपको 'ये प्रेम मोल लिया' का ऑफर मिला, तो आपका पहला रिएक्शन क्या था?
मेरा पहला रिएक्शन अपने माता-पिता के पास जाकर उन्हें यह खुशखबरी देने का था। उन्हें पता था कि मैं मीटिंग के लिए जा रही हूं। वे भी हमेशा उत्सुक रहते हैं कि क्या हो रहा है और मीटिंग कैसी रही।
 
जब मैं सूरज सर से मिली, तो उन्होंने मुझे फिल्म की कहानी सुनाई। मीटिंग खत्म होते ही मैं घर पहुंची और अपने माता-पिता को सब कुछ बता दिया। मैं शिवाजी पार्क में रहती हूं और घर पहुंचने में मुझे मुश्किल से दस मिनट लगे।
 
राजश्री की एक बहुत प्रतिष्ठित विरासत रही है। मुझे लगता है कि सूरज सर ने भी कई मराठी अभिनेत्रियों के साथ काम किया है। इसलिए मेरे परिवार के लिए भी यह बहुत बड़ी बात थी कि मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिल रहा है। यही वजह है कि मेरे माता-पिता मेरी बाकी फिल्मों के मुकाबले इस फिल्म को लेकर कुछ ज्यादा ही उत्साहित थे।
 
आजकल कई लड़कियां शादी से पहले भी अपने परिवार के साथ रहकर उनकी आर्थिक और दूसरी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। क्या फिल्म का एक संदेश यह भी है कि बेटियां भी अपने परिवार के लिए आर्थिक योगदान दे सकती हैं?
बिल्कुल! इस सिलसिले में मैं अपने घर का एक छोटा-सा किस्सा बताना चाहूंगी।
 
हमारे घर में रेनोवेशन का काम चल रहा था। उस दौरान नए फर्नीचर को लेकर बातचीत हो रही थी। मुझे घर के लिए एक डाइनिंग टेबल खरीदनी थी और मैं अपने पापा को बता रही थी कि मुझे कैसी टेबल चाहिए। तभी पापा ने मुझसे कहा, 'यह सब तो ठीक है, लेकिन तुम घर की डाइनिंग टेबल क्यों नहीं खरीद सकती?'
 
उस वक्त मैंने सोचा कि अगर मैं लड़का होती और इसी घर में रहती, तो शायद हम सब यही कहते कि आओ, घर के लिए कुछ योगदान करो और डाइनिंग टेबल खरीदो। तब मुझे एहसास हुआ कि मैं भी तो ऐसा कर सकती हूं। सच कहूं तो इससे पहले मैंने खुद भी इस नजरिए से नहीं सोचा था।
 
बात बहुत बड़ी या छोटी नहीं है, लेकिन डाइनिंग टेबल तो हम भी खरीद सकते हैं। मैंने सचमुच अपने घर के लिए डाइनिंग टेबल खरीदी।
लेखक के बारे में
रुना आशीष भूतड़ा
रुना आशीष भूतड़ा को बतौर पत्रकार मीडिया इंडस्ट्री में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह आज तक, जी न्यूज, न्यूज नेशन, टीवी9, फर्स्ट पोस्ट और बीबीसी जैसे मीडिया संस्थानों के लिए काम कर चुकी है। वर्तमान में रुना वेबदुनिया के लिए फिल्म इंडस्ट्री के कार्यक्रमों की वीडियो रिपोर्ट और.... और पढ़ें

Show comments

सारा तेंदुलकर और राजवीर देओल की शादी की खबरों में कितना दम? सामने आया बड़ा सच

धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर भावुक हुईं हेमा मालिनी, बोलीं- उनके बिना जिंदगी बहुत खाली लगती है

गनमास्टर G9 मूवी प्रिव्यू: शांत डेयरी मालिक या खूंखार शिकारी? अपारशक्ति खुराना के विलेन अवतार से भिड़ेंगे इमरान हाशमी

धर्मेन्द्र को गए एक साल, फिर भी सोशल मीडिया पर जिंदा हैं 'गरम धरम', एक कसक जो आज भी बाकी है

'पंचायत 5' का ट्रेलर रिलीज, प्रधानजी की छिनी कुर्सी, सचिवजी और रिंकी की लव स्टोरी में आएगा बड़ा मोड़

सभी देखें

उड़ता तीर मूवी रिव्यू: आयुष्मान खुराना की फिल्म में दिलचस्प आइडिया, लेकिन कॉमेडी के नाम पर निराशा

न बंदूक चली, न पड़ा थप्पड़: फिर भी सिनेमाघरों में क्यों चला 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' का जादू?

नाना पाटेकर की पत्नी कौन थीं? 1978 में हुई थी शादी, फिर क्यों अलग रहने लगे दोनों, जानिए अनकही कहानी

रेखा की जिंदगी में अमिताभ सहित आए ये 6 पुरुष, पर क्यों नहीं मिला सच्चा प्यार?

रेखा की जिंदगी के 25 अनसुने किस्से: जब 'अग्ली डकलिंग' कहकर उड़ाया गया मजाक, मजबूरी में बनीं बॉलीवुड की 'एवरग्रीन दीवा'

अगला लेख