मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Sui Dhaga : Made In India, Anushka Sharma, Varun Dhawan, Look, Trailer
Written By कोपल हेतावल

सुई धागा के देसी लुक में पसंद किए जाएंगे 'मौजी' वरुण और 'ममता' अनुष्का?

सुई धागा के देसी लुक में पसंद किए जाएंगे 'मौजी' वरुण और 'ममता' अनुष्का? - Sui Dhaga : Made In India, Anushka Sharma, Varun Dhawan, Look, Trailer
वरुण धवन और अनुष्का शर्मा स्टारर फिल्म 'सुई धागा : मेड इन इंडिया' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज़ हुआ। ट्रेलर में फिल्म की पूरी कहानी की झलक मिलती है। इसमें मौजी वरुण  और ममता अनुष्का कपल बने हैं जो खुद की सिलाई कंपनी से मेहनत की कमाई करना चाहते हैं। फिल्म एक छोटे शहर की बड़ी कहानी है। 
 
इस फिल्म में सबसे खास बात दर्शकों को अनुष्का और वरुण का देसी लुक लगा। दोनों बहुत ही सादे कपड़ों में पूरी फिल्म में नज़र आए हैं। बिलकुल छोटे कस्बे में रहने वाले आम स्त्री और पुरुष की तरह। हालांकि दोनों ही बहुत फैशनेबल स्टार हैं। लेकिन इस फिल्म में उनका लुक अब तक के निभाए किरदारों और लुक से काफी अलग है। क्या इस लुक में दर्शकों को वरुण और अनुष्का पसंद आएंगे? 
 
अनुष्का ने कुछ ऐसी फिल्में की हैं जिसमें उन्होंने देसी लुक अपनाया है लेकिन ऐसी लड़की का किरदार वे पहली बार निभा रही हैं। इस फिल्म में उनका सादी साड़ी और सिर पर पल्लु वाला लुक है। पूरी फिल्म में अनुष्का ऐसे ही नज़र आई हैं। न्यूली वेड अनुष्का का यह सिंपल लुक दर्शकों को कितना पसंद आएगा यह फिल्म में उनके काम पर निर्भर करता है। एक कलाकार की यही खासियत होती है कि वह हर किरदार में ढल जाए और दर्शक उसे वही किरदार मानने लगे। अनुष्का का यह लुक भले ही अलग हो लेकिन इस फिल्म के लिए परफेक्ट है। 
 
अब बात यह है कि कहीं अनुष्का का चर्मा इस लुक के बाद खत्म तो नहीं हो जाएगा? तो दर्शक अनुष्का को सिर्फ उनके लुक्स से नहीं टैलेंट की वजह से पसंद करते हैं। अनुष्का हर तरह के किरदार करती हैं और एक ही छवि में बने रहना उन्हें पसंद नहीं। उन्होंने ऐ दिल है मुश्किल, पीके, सुल्तान, फिल्लौरी, एनएच 10 जैसी फिल्मों में कई तरह के किरदार निभाए हैं। इसलिए यह उम्मीद की जा सकती है कि फिल्म 'सुई धागा' में उनके लुक को पसंद भी किया जाएगा और सराहा भी जाएगा। 
 
एक आम आदमी के रुप में फिल्म 'सुई धागा' में वरुण का किरदार भी बहुत अलग है। उनकी बोली भी अलग है लेकिन दर्शकों को उनकी अलग बोली सुनने की आदत है। वरुण ने बद्रीनाथ की दुल्हनिया जैसी फिल्मों में अलग बोली अपनाई थी जिसे लोगों ने पसंद किया था। 
 
जहां तक बात है वरुण के सिंपल पैंट-शर्ट वाले लुक की, तो वरुण के करियर की अभी शुरुआत है। उन्हें किसी एक लुक या किरदार में बांधा नहीं जा सकता। वरुण ने अक्टूबर, बदलापुर, ढिशुम, दिलवाले, जुड़वा 2 जैसी फिल्में कर साबित किया कि वे हर ज़ोनर को अपना सकते हैं और यही वक्त है अपने एक्टिंग स्किल्स के साथ एक्सपेरिमेंट करने का। हालांकि 'सुई धागा' में वरुण बिल्कुल मौजी ही नज़र आए हैं। इसलिए दर्शकों को उम्मीद है कि फिल्म में उनकी वजह से मस्ती बरकरार रहेगी। 
 
फिल्म 'सुई धागा : मेड इन इंडिया' को शरत कटारिया ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म को मनीश शर्मा ने प्रोड्युस किया है। यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 28 सितंबर को रिलीज़ होने के लिए तैयार है।