1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Salman Khan, Bharat, Ali Abbas Zafar, Entertainment

सलमान खान की फिल्म भारत का टाइटल रात 3 बजे सूझा

सलमान खान की फिल्म भारत का टाइटल निर्देशक अली अब्बास ज़फर को रात तीन बजे सूझा जब वे करवट बदल रहे थे। इसके पहले उन्होंने राम, अर्जुन और कर्ण जैसे नाम भी सोचे थे।

सलमान खान
अली अब्बास ज़फर ने सलमान खान को लेकर 'सुल्तान' और 'टाइगर जिंदा है' नामक ब्लॉकबस्टर्स फिल्में बनाई हैं। इस सफल जोड़ी की तीसरी फिल्म 'भारत' ईद पर रिलीज होने वाली है जिसका सलमान के फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 
 
पिछली दो ईद पर सलमान की फिल्में असफल रही हैं। ट्यूबलाइट फ्यूज हो गई और रेस 3 में सलमान हार गए। इस बार ईद पर सलमान की फिल्म का हिट होना उनके लिए जरूरी है। 
 
अली अब्बास ज़फर कहते हैं कि जब उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्म 'ओड टू माय फादर' बनाई तो उन्हें इसका भारतीय रीमेक बनाने का आइडिया मिला। 
 
 

फिल्म और किरदार का नाम क्या होना चाहिए, इसको लेकर उन्होंने काफी माथापच्ची की। कई नाम उनके दिमाग में आए। पहले उनके दिमाग में राम नाम आया। 
 
अली का कहना है कि राम एक आदर्श हीरो हैं इसलिए किरदार और फिल्म का नाम राम रखा जा सकता है। फिर अर्जुन नाम भी सूझा जो कि धर्म और कर्म के लिए जाना जाता है। 
 
कर्ण का नाम भी अली के दिमाग में कौंधा जिसे कि स्वार्थहीन हीरो माना जाता है। एक रात तीन बजे अली को नींद नहीं आ रही थी। फिल्म के बारे में सोचते हुए करवटें बदल रहे थे। 

तभी उन्हें 'भारत' नाम सूझा। यह किरदार और फिल्म दोनों का नाम हो सकता है। उन्होंने फौरन सलमान और फिल्म के निर्माता अतुल अग्निहोत्री को यह नाम बताया और दोनों को ही पसंद आया। 
 
परेशानी यह हुई कि इस टाइटल को निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने रजिस्टर्ड करवा रखा था। साजिद को अली ने अपनी फिल्म के बारे में बताया। साजिद ठहरे सलमान के खास यार। फौरन उन्होंने अपना टाइटल अली को दे दिया। 
 
अली ने इस फिल्म को लिखने में डेढ़ साल का समय लिया। उन्होंने सलमान को ध्यान में रख कर फिल्म लिखी। साथ ही इसमें भारत देश की यात्रा को भी दिखाया गया है। 

चूंकि इस फिल्म की कहानी कई वर्षों में सिमटी हुई है इसलिए अली को कई बातों का ध्यान रखना पड़ा। उन्होंने सलमान को उन मूंछों में भी दिखाया जो गुरुदत्त के जमाने में होती थी। बेलबॉटम भी दिखाए। भाषा पर भी ध्यान दिया। कहीं उर्दू को प्रमुखता दी तो कई हिंदुस्तानी को। जैसे-जैसे फिल्म आगे बढ़ती है अंग्रेजी भी सुनाई देती है। 
 
इस फिल्म में सलमान के साथ कैटरीना कैफ, तब्बू, सुनील ग्रोवर, जैकी श्रॉफ और दिशा पाटनी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। 'भारत' से बॉलीवुड को बेहद उम्मीद है और यह वर्ष 2019 में रिलीज होने वाली बड़ी फिल्मों में से एक है। 
अगला लेख
400 रुपए में जिंदगी भर बैठकर खाएं : यह चुटकुला आपका पेट दुखा देगा