1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Happy birthday Priyanka Chopra Actress bollywood career

Happy birthday Priyanka Chopra Actress bollywood career

Priyanka Chopra Birthday
Happy Birthday Priyanka Chopra: बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा 42 वर्ष की हो गई हैं। 18 जुलाई 1982 को झारखंड के जमशेदपुर में जन्मी प्रियंका चोपड़ा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बरेली से पूरी की। बाद में उन्होंने लखनऊ और मुंबई से अपनी आगे की पढ़ाई पूरी की। इस बीच उनका रूझान मॉडलिंग इंडस्ट्री की ओर हो गया और वह मॉडल के रूप में काम करने लगीं।
 
वर्ष 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और दूसरे स्थान पर रहीं। बाद में उन्हें मिस वर्ल्ड के खिताब से नवाजा गया। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारतीय सुंदरता का परचम पूरी दुनिया में लहराते हुए रीता फारिया के बाद मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली वह पांचवीं भारतीय सुंदरी बनीं।
 
प्रियंका चोपड़ा ने अपने सिने करियर की शुरुआत साल 2002 में तमिल फिल्म से की। इस फिल्म को व्यावसायिक सफलता तो नहीं मिली लेकिन अपने दमदार अभिनय से उन्होंने समीक्षकों का दिल जीत लिया। साल 2003 में उन्होंने बॉलीवुड में भी कदम रखा और सनी देओल और प्रीति जिंटा के साथ 'द हीरो लव स्टोरी ऑफ द स्पाई' में काम किया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुई और उनके अभिनय को दर्शको के साथ ही समीक्षकों ने भी काफी पसंद किया।
 
साल 2003 में ही राज कंवर फिल्म 'अंदाज' प्रियंका चोपड़ा के सिने करियर की महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। फिल्म में उनके नायक की भूमिका में अक्षय कुमार थे। बेहतरीन गीत-संगीत, अभिनय और दमदार पटकथा से फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए प्रियंका चोपड़ा सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित की गई। इसके साथ ही उन्हें नवोदित अभिनेत्री का फिल्म फेयर पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।
 
साल 2004 में प्रियंका चोपड़ा की एक और सुपरहिट फिल्म 'मुझसे शादी करोगी' रिलीज हुई। डेविड धवन निर्देशित इस फिल्म में सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे मंझे हुए सितारे की मौजूदगी में भी उन्होंने फिल्म में युवा फैशन डिजायनर के रूप में अपने किरदार को रूपहले पर्दे पर जीवंत करके फिल्म को सुपरहिट बना दिया। साल 2004 में ही प्रियंका चोपड़ा को निर्देशक सुभाष घई की फिल्म 'ऐतराज' में काम करने का अवसर मिला। वह फिल्म भी सुपरहिट फिल्म साबित हुई। 
 
'ऐतराज' में प्रियंका चोपड़ा का किरदार ग्रे शेडस लिए हुए थी। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह सर्वश्रेष्ठ खलनायक के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गईं। यह फिल्म इंडस्ट्री के इतिहास का दूसरा मौका था जब किसी अभिनेत्री को सर्वश्रेष्ठ खलनायक का फिल्म फेयर पुरस्कार दिया गया था। इससे पहले अभिनेत्री काजोल को फिल्म गुप्त के लिए यह अवार्ड दिया गया था।
 
साल 2006 प्रियंका चोपड़ा के सिने करियर के लिए अहम वर्ष साबित हुआ। इस साल उनकी फिल्म 'डॉन' रिलीज हुई। सत्तर के दशक में बनी सुपरहिट फिल्म डॉन के इस रीमेक में प्रिंयका चोपड़ा ने जीनत अमान वाली भूमिका निभाई। इसी साल क्रश जैसी सुपरहिट फिल्म भी रिलीज हुई जिसमें उन्होंने रितिक रौशन की प्रेयसी की भूमिका निभाई।
 
साल 2008 में प्रियंका चोपड़ा की एक और अहम फिल्म 'फैशन' रिलीज हुई। फैशन की दुनिया को दर्शकों से रूबरू कराती मधुर भंडारकर निर्देशित इस फिल्म में प्रिंयका चोपड़ा एक उभरती मॉडल की भूमिका में दिखाई दी। फिल्म में अपने सशक्त अभिनय से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार के साथ ही फिल्म फेयर पुरस्कार से भी सम्मानित की गईं।
 
साल 2009 में रिलीज फिल्म 'व्हाटस योर राशि' प्रियंका चोपड़ा की महत्वपूर्ण फिल्म में शुमार की जाती है। देखा जाए तो फिल्मों में किसी अभिनेता या अभिनेत्री द्वारा का एक फिल्म में दोहरी या तिहरी भूमिका निभाना बड़ी बात समझी जाती है लेकिन प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म में एक या दो नहीं बल्कि 12 अलग अलग भूमिका निभाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
 
प्रियंका चोपड़ा अपने दो दशक लंबे सिने करियर में करीब 50 फिल्मों में अभिनय कर चुकी है। प्रियंका की साल 2016 में फिल्म जय गंगाजल रिलीज हुई। प्रियंका चोपड़ा ने हॉलीवुड फिल्म बेवाच समेत कई फिल्मों में काम किया है। साल 2018 में प्रियंका चोपड़ा ने अमेरीकी सिंगर निक जोनास के साथ शादी कर ली। प्रियंका चोपड़ा की एक बेटी भी है जिसका नाम मालती रखा है। प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड के साथ ही बॉलीवुड में भी सक्रिय है।
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
भूमि पेडनेकर नहीं करना चाहतीं किसी एक्टर को डेट, बताई थी यह वजह