1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. happy birthday madhuri dixit turns 57 interesting facts about actress

happy birthday madhuri dixit turns 57 interesting facts about actress

Madhuri Dixit Birthday
Madhuri Dixit Birthday: बॉलीवुड की 'धक धक गर्ल' माधुरी दीक्षित 15 मई को अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। माधुरी दीक्षित का जन्म 15 मई 1967 को मुंबई में एक मध्यमवर्गीय मराठी ब्राह्मण परिवार में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई से हासिल की। इसके बाद उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी में माइक्रोबॉयलोजिस्ट बनने के लिए दाखिला ले लिया। इस बीच उन्होंने लगभग 8 वर्ष तक कथक नृत्य की शिक्षा भी हासिल की। 

माधुरी ने अपने सिने करियर की शुरूआत 1984 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म अबोध से की लेकिन कमजोर पटकथा और निर्देशन के कारण फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से नकार दी गई। माधुरी दीक्षित की किस्मत का सितारा साल 1988 में रिलीज फिल्म तेजाब से चमका। फिल्म में माधुरी दीक्षित ने अनिल कपूर की प्रेयसी की भूमिका निभाई थी। 
 
साल 1990 में माधुरी दीक्षित के सिने करियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म 'दिल' रिलीज हुई। फिल्म में माधुरी दीक्षित और आमिर खान की जोड़ी को सिने दर्शको ने काफी पसंद किया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। साथ ही फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिये माधुरी दीक्षित को अपने सिने करियर का पहला फिल्म फेयर पुरस्कार प्राप्त हुआ। साल 1991 माधुरी दीक्षित के सिने करियर का अहम वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उनके अभिनय के नये रंग दर्शको को देखने को मिले। 
 
साल 1992 में माधुरी दीक्षित की एक और अहम फिल्म फिल्म बेटा रिलीज हुई। साल 1994 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म 'हम आपके है कौन' माधुरी दीक्षित की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्म में शुमार की जाती है। पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उनकी जोड़ी सलमान खान के साथ काफी पसंद की गई। इस फिल्म में उनपर फिल्माया गीत दीदी तेरा देवर दीवाना उन दिनों श्रोताओं के बीच क्रेज बन गया था। फिल्म ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए और आल टाइम ग्रेटेस्ट हिट्स में शुमार हो गई।
 
साल 2002 में माधुरी दीक्षित को शरत चंद्र के मशहूर उपन्यास देवदास पर बनी फिल्म में काम करने का अवसर मिला। संजय लीला भंसाली की इसी नाम से बनी फिल्म में चन्द्रमुखी के अपने किरदार से माधुरी ने दर्शको का दिल जीत लिया और अपने दमदार अभिनय के लिए वह सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गईं।
 
माधुरी दीक्षित के सिने करियर में उनकी जोड़ी अभिनेता अनिल कपूर साथ काफी पसंद की गई। माधुरी दीक्षित को पांच बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को देखते हुए 2008 में उन्हें पद्मभूषण से अलंकृत किया गया। साल 2002 में रिलीज फिल्म हम तुम्हारे है सनम के बाद माधुरी दीक्षित ने फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया और वैवाहिक जीवन बिताने लगी।
 
साल 2007 में फिल्म 'आजा नच ले' के जरिए उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने सिने करियर की दूसरी पारी शुरू की लेकिन इस फिल्म की उन सफलता के बाद उन्होंने एक बार फिर से फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया। माधुरी दीक्षित ने साल 2013 में रिलीज फिल्म ये जवानी है दीवानी से इंडस्ट्री में कमबैक किया। इसके बाद माधुरी ने डेढ़ इश्किया, गुलाब गैंग, मराठी फिल्म बकेट लिस्ट, कलंक और टोटल धमाल में काम किया है।
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
Panchayat 3 का मजेदार ट्रेलर हुआ रिलीज, फुलेरा गांव में फिर मचा घमासान